नीट पेपर लीक मुद्दे पर सरकार चर्चा को तैयार, विपक्ष बार-बार शर्तें बदलना बंद करे जेपी नड्डा

नीट पेपर लीक मुद्दे पर सरकार चर्चा को तैयार, विपक्ष बार-बार शर्तें बदलना बंद करे  जेपी नड्डा
नीट पेपर लीक विवाद और छात्रों के आंदोलन के बीच केंद्र सरकार ने संसद में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की पेशकश की है। केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सरकार पेपर लीक जैसे गंभीर विषय पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह बार-बार अपनी मांगों और शर्तों में बदलाव न करे और संसद में सकारात्मक चर्चा के जरिए समाधान तलाशे।

नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। नीट पेपर लीक विवाद और छात्रों के आंदोलन के बीच केंद्र सरकार ने संसद में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की पेशकश की है। केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सरकार पेपर लीक जैसे गंभीर विषय पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह बार-बार अपनी मांगों और शर्तों में बदलाव न करे और संसद में सकारात्मक चर्चा के जरिए समाधान तलाशे।

जेपी नड्डा ने कहा, "सरकार चाहती है कि संसद में पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा हो। चर्चा कितने समय तक होनी चाहिए, यह विपक्ष और बिजनेस एडवाइजरी कमेटी तय कर सकती है। विपक्ष चाहे तो 12 घंटे या 18 घंटे तक चर्चा कर सकता है और सरकार इसके लिए तैयार है।"

उन्होंने कहा, "संसद ही वह सबसे उपयुक्त मंच है, जहां इस तरह के गंभीर विषयों पर सभी पहलुओं पर विचार किया जा सकता है। छात्रों का भविष्य देश के भविष्य से जुड़ा हुआ है और इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष दोनों की जिम्मेदारी है कि मिलकर समाधान निकाला जाए।"

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "बच्चे हमारे भी हैं, आपके भी हैं और देश का भविष्य भी हैं। देश के भविष्य की चिंता करना हमारी जिम्मेदारी है।"

उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि वह अपनी जिम्मेदारी निभाए और आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर स्थायी समाधान की दिशा में आगे बढ़े।

नीट आंदोलन को लेकर नड्डा ने कहा, "छात्रों की मांगों को राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। विपक्ष छात्रों के मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है। पेपर लीक एक गंभीर समस्या है और इसका समाधान मिलकर निकालना चाहिए।"

राहुल गांधी द्वारा संसद में दिए गए प्रस्तुतीकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए नड्डा ने कहा, "यह जांच का विषय है। पेपर लीक की घटनाएं केवल एक राज्य या एक सरकार तक सीमित नहीं रही हैं।"

उन्होंने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना, तमिलनाडु, पंजाब, केरल और कर्नाटक सहित कई राज्यों में पेपर लीक के मामलों का उल्लेख किया।

उन्होंने राहुल गांधी पर सवाल उठाते हुए कहा, "विपक्ष को केवल कुछ मामलों को चुनकर नहीं उठाना चाहिए। यदि विपक्ष छात्रों के हितों को लेकर चिंतित है तो उसे सभी राज्यों और सभी सरकारों के दौरान हुई घटनाओं पर चर्चा करनी चाहिए। यह मुद्दा राजनीति से ऊपर उठकर देखने की जरूरत है। पिछली सरकारों के कार्यकाल में भी पेपर लीक के कई मामले सामने आए हैं। आरोप-प्रत्यारोप से बाहर निकलकर संसद में इस गंभीर विषय पर चर्चा होनी चाहिए।"

सीजेपी के विरोध प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई है और यदि लिखित रूप में कोई बात आती है तो उस पर विचार किया जाएगा। वहीं, सोनम वांगचुक से मुलाकात पर उन्होंने कहा कि उनसे मुलाकात कर उनका हालचाल जाना गया है और उनके द्वारा पत्र भी लिखा गया है।

केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे की मांग पर नड्डा ने कहा कि ऐसे मुद्दे इस तरह नहीं उठाए जाते। सरकार संसद में बहस के लिए तैयार है और चर्चा के माध्यम से ही समाधान निकाला जाना चाहिए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 July 2026 10:03 PM IST

Tags

Next Story