नीट यूजी पेपर लीक मामला सीबीआई की चार्जशीट कोर्ट में पेश, अगली सुनवाई 3 अगस्त को

नीट यूजी पेपर लीक मामला  सीबीआई की चार्जशीट कोर्ट में पेश, अगली सुनवाई 3 अगस्त को
नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को राऊज एवेन्यू कोर्ट को बताया कि इस मामले में दाखिल की गई चार्जशीट करीब 20,000 पेज की है। कोर्ट ने चार्जशीट को रिकॉर्ड पर ले लिया है लेकिन उससे जुड़े एनेक्स्चर (संलग्न दस्तावेज) दाखिल करने के लिए सीबीआई को अतिरिक्त समय दिया है।

नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को राऊज एवेन्यू कोर्ट को बताया कि इस मामले में दाखिल की गई चार्जशीट करीब 20,000 पेज की है। कोर्ट ने चार्जशीट को रिकॉर्ड पर ले लिया है लेकिन उससे जुड़े एनेक्स्चर (संलग्न दस्तावेज) दाखिल करने के लिए सीबीआई को अतिरिक्त समय दिया है।

सुनवाई के दौरान अदालत ने नोट किया कि चार्जशीट के साथ दस्तावेजों, गवाहों के बयानों और जब्त की गई वस्तुओं की सूची संलग्न की गई है। हालांकि, कोर्ट ने सीबीआई से पूछा कि चार्जशीट में जिन बयानों और अन्य दस्तावेज़ों का हवाला दिया गया है, वे रिकॉर्ड पर कहां हैं।

इस पर सीबीआई ने अदालत को बताया कि चार्जशीट से जुड़े करीब 20,000 पेज के एनेक्स्चर दस्तावेज अभी स्कैन किए जा रहे हैं। इसी कारण उन्हें दाखिल करने के लिए कुछ और समय की जरूरत है। अदालत ने सीबीआई की इस मांग को स्वीकार करते हुए दस्तावेज दाखिल करने के लिए समय दे दिया। अब इस बहुचर्चित मामले की अगली सुनवाई 3 अगस्त को राउज एवेन्यू कोर्ट में होगी। उम्मीद है कि तब तक सीबीआई चार्जशीट के सभी एनेक्स्चर भी अदालत के समक्ष पेश कर देगी।

इसी बीच, इस मामले में अभियोजन पक्ष को और मजबूत करने के लिए सीबीआई ने महत्वपूर्ण नियुक्तियां भी की हैं। एडवोकेट वीके पाठक और एडवोकेट अर्जुन आनंद को नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई की ओर से राऊज एवेन्यू कोर्ट की स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट में 'लोक अभियोजक' नियुक्त किया गया है।

नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामला देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले की जांच सीबीआई कर रही है और अदालत में दाखिल की गई 20 हजार पेज की चार्जशीट को इस जांच का एक अहम चरण माना जा रहा है। अब सभी की नजर 3 अगस्त को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 July 2026 12:52 PM IST

Tags

Next Story