राजनीति: दिल्ली चुनाव 2025 आप का मेनिफेस्टो सोमवार को जारी होगा

नई दिल्ली, 26 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (आप) सोमवार को अपना मेनिफेस्टो जारी करेगी। सूत्रों के हवाले से यह खबर सामने आ रही है।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को दोपहर 12 बजे पार्टी का मेनिफेस्टो जारी करेंगे। इस मैनिफेस्टो में पार्टी अपनी विजन और योजनाओं को जनता के सामने रखेगी। दिल्लीवासियों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, और अन्य बुनियादी सेवाओं के सुधारों के संदर्भ में कई अहम घोषणाएं की जा सकती हैं। माना जा रहा है कि दिल्ली के मतदाताओं को साधने के लिए कई बड़े ऐलान किए जा सकते हैं। हालांकि, आम आदमी पार्टी या उनके नेताओं की ओर से इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
इससे पहले, शनिवार (25 जनवरी) को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा का 'संकल्प पत्र पार्ट-3' जारी किया, जिसमें दिल्ली को विकसित करने के कई बड़े वादे किए गए थे। भाजपा के इस संकल्प पत्र को आप नेताओं ने खोखला बताया था।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को एक चरण में मतदान होगा। नतीजों की घोषणा 8 फरवरी को होगी। दिल्ली में एक करोड़ 55 लाख मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 83.49 लाख और महिला मतदाता 71.74 लाख हैं। इसके अलावा 1,261 थर्ड जेंडर मतदाता भी हैं। युवा मतदाताओं की संख्या 25.89 लाख है जबकि 2.08 लाख फर्स्ट टाइम वोटर हैं।
दिल्ली में प्रमुख रूप से भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच मुकाबला है। हालांकि, इन सब के बीच सभी दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Jan 2025 11:03 PM IST