दिल्ली यमुना का पानी लेकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे 'आप' नेता, पुलिस ने रोका

दिल्ली  यमुना का पानी लेकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे आप नेता, पुलिस ने रोका
दिल्ली की राजनीति में यमुना के पानी को लेकर घमासान तेज हो गया है। शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज और विधायक संजीव झा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास पर पहुंचे और उन्हें चुनौती दी कि यदि यमुना का पानी वास्तव में साफ है, तो वे इसे सबके सामने पीकर दिखाएं।

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली की राजनीति में यमुना के पानी को लेकर घमासान तेज हो गया है। शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज और विधायक संजीव झा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास पर पहुंचे और उन्हें चुनौती दी कि यदि यमुना का पानी वास्तव में साफ है, तो वे इसे सबके सामने पीकर दिखाएं।

'आप' नेताओं ने वजीराबाद क्षेत्र से यमुना का पानी बोतल में भरकर सीएम आवास पहुंचाया, लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेड लगाकर पहले ही रोक दिया। सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा झूठ बोलकर पूर्वांचल के लोगों को गुमराह कर रही है और बिहार चुनाव में राजनीतिक लाभ पाने के लिए उनकी जान से खेल रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता यमुना के पानी का आचमन करने का नाटक कर रहे हैं, जबकि यह पानी न पीने योग्य है और न ही नहाने योग्य। सौरभ भारद्वाज ने कहा, "दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) की 23 अक्टूबर की रिपोर्ट साफ बताती है कि यमुना के पानी में मल की मात्रा बेहद अधिक है। यह पानी स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। भाजपा नेता झूठ बोलकर जनता को जोखिम में डाल रहे हैं। यदि भाजपा का दावा सही है, तो रेखा गुप्ता और वीरेंद्र सचदेवा खुद यह पानी पीकर दिखाएं।"

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने हथिनीकुंड से ईस्टर्न कैनाल का पानी यमुना में छोड़कर दिखावा किया है ताकि यह साबित किया जा सके कि नदी साफ हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से भाजपा सरकार ने छठ पर्व के दौरान यमुना को प्रदूषित रखने की कोशिश की ताकि पूर्वांचल के लोग पूजा न कर सकें।

विधायक संजीव झा ने कहा कि डीपीसीसी की रिपोर्ट खुद भाजपा सरकार की है, जिसमें यह स्पष्ट किया गया है कि वजीराबाद, आईटीओ, कालिंदी कुंज, लक्ष्मी नगर और ओखला जैसे घाटों पर पानी में मल की मात्रा सैकड़ों गुना अधिक पाई गई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता यमुना के पानी का झूठा आचमन कर श्रद्धालुओं को गुमराह कर रहे हैं, जिससे उनकी जान खतरे में पड़ सकती है। संजीव झा ने पूर्वांचल के श्रद्धालुओं से अपील की कि वे छठ पूजा के दौरान यमुना के पानी का आचमन न करें और न ही लंबे समय तक उसमें खड़े रहें। उन्होंने कहा कि इस पानी से त्वचा रोग और अन्य गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 Oct 2025 10:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story