Breaking News: आज की बड़ी खबरें 26 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 26 Oct 2025 11:00 AM IST
'पूरो' हमेशा मेरे दिल में रहेगी, 'पिंजर' के 22 साल पूरे होने पर उर्मिला मातोंडकर ने याद किए पुराने दिन
हिंदी सिनेमा के अलावा तेलुगू, तमिल और मराठी फिल्मों से फैंस का दिल जीतने वाली एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर किसे याद नहीं हैं। एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर और मनोज बाजपेयी की साल 2003 में रिलीज हुई फिल्म 'पिंजर' ने 22 साल पूरे कर लिए हैं। एक्ट्रेस ने रविवार को इंस्टाग्राम पर फिल्म से जुड़ी पुरानी यादों और फोटोज को शेयर किया है। फिल्म के पोस्टर में उर्मिला यानी 'पूरो' मनोज बाजपेयी के साथ दिख रही हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "पिंजर ने 22 साल पूरे कर लिए हैं और 'पूरो' हमेशा मेरे दिल में रहेगी।
- 26 Oct 2025 10:50 AM IST
वनडे सीरीज कप्तान हैरी ब्रूक ने इंग्लैंड को संकट से निकाला, न्यूजीलैंड को 224 रन का लक्ष्य
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को बे ओवल में वनडे सीरीज का पहला मैच खेला जा रहा है, जिसमें इंग्लैंड ने कप्तान हैरी ब्रूक की शतकीय पारी के दम पर खराब शुरुआत के बावजूद सम्मानजनक स्कोर बनाया। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 224 रन का लक्ष्य मिला है। मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने पहली ही गेंद पर जेमी स्मिथ (0) का विकेट गंवा दिया। टीम अभी संभली तक नहीं थी कि दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर बेन डकेट (2) और छठी गेंद पर जो रूट (2) पवेलियन लौट गए।
- 26 Oct 2025 10:41 AM IST
‘शौर्यवीर– रन फॉर इंडिया 2025’ आम नागरिकों की सेना के साथ भागीदारी, सेना प्रमुख ने जताया आभार
दिल्ली छावनी स्थित करिअप्पा परेड ग्राउंड में रविवार सुबह 79वें शौर्य दिवस की स्मृति में ‘शौर्यवीर – रन फॉर इंडिया 2025’ दौड़ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने इस दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उनके साथ उप थल सेनाध्यक्ष सहित थल सेना के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, जवान, पेशेवर खिलाड़ी, फिटनेस प्रेमी तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। शौर्य दिवस के ऐतिहासिक महत्व की बात करें तो शौर्य दिवस (इन्फैंट्री डे), इन्फैंट्री के पराक्रम की याद में मनाया जाता है।
- 26 Oct 2025 10:16 AM IST
कर्म, लेखनी और विचारों की पवित्र त्रिवेणी, महान स्वतंत्रता सेनानी, भारतीय पत्रकारिता के पुरोधा, श्रद्धेय गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर कोटिशः नमन - केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि कर्म, लेखनी और विचारों की पवित्र त्रिवेणी, महान स्वतंत्रता सेनानी, भारतीय पत्रकारिता के पुरोधा, श्रद्धेय गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर कोटिशः नमन करता हूं। आपकी कलम से निकले जीवंत शब्दों और विचारों के तेजस्वी प्रकाश में राष्ट्र एवं समाज उत्थान के पुण्य विचार सदैव पुष्पित व पल्लवित होते रहेंगे।
- 26 Oct 2025 9:58 AM IST
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर उन्हें भारत माता का साहसी पुत्र बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में लिखा कि कांग्रेस के अनेक आंदोलनों में सक्रिय भाग लेकर अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों के खिलाफ निर्भीकतापूर्वक लिखने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी और पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी जी कई बार जेल गए। सन् 1930 में वे प्रांतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने। मजहबी दंगों के समय उन्होंने दोनों समुदायों के लोगों की जान बचाने का प्रयास किया, परंतु दुर्भाग्यवश स्वयं भीड़ की हिंसा का शिकार हो गए। यह घटना इस बात की गवाही देती है कि आपसी नफरत और हिंसा से समाज कितना बड़ा नुकसान झेलता है। भारत माता के ऐसे साहसी पुत्र की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन।
- 26 Oct 2025 9:46 AM IST
कांस्टेबल अंजू पुलिस वर्दी में ड्यूटी स्थल के दौरान एक विशेष जाति समुदाय पर अश्लील टिप्पणी करने के आरोप में कार्रवाई
मध्य प्रदेश के सीधी जिले में ड्यूटी के दौरान एक विशेष समुदाय के खिलाफ अश्लील और अमर्यादित टिप्पणी करने वाली महिला कांस्टेबल अंजू देवी जायसवाल को पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने यह कार्रवाई वायरल वीडियो के आधार पर की गई।
- 26 Oct 2025 9:33 AM IST
सभी बंधकों के शवों को वापस नहीं लौटाया तो हमास के खिलाफ कार्रवाई करेंगे-ट्रंप
इजरायल और हमास के बीच शांति समझौते के बावजूद मारे गए सभी बंधकों के शवों को वापस नहीं लौटाया गया है। इससे आक्रोशित अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को चेतावनी देते हुए कहा है कि वह मृतक बंधकों के शव जल्द लौटाना शुरू करे। अगर हमास ऐसा नहीं करता है तो शांति प्रयासों में शामिल अरब देश 'कार्रवाई' करेंगे।
- 26 Oct 2025 9:22 AM IST
आसियान शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप मलेशिया पहुंचे
आसियान शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मलेशिया पहुंचे। मलेशिया एयरपोर्ट पर धूमधाम से उनका स्वागत किया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति का ये सफर करीब 24 घंटे का था। इस दौरान दो बार ईंधन भरने के बाद, एयर फोर्स वन रविवार को कुआलालंपुर में उतरा।
- 26 Oct 2025 9:05 AM IST
आसियान का 47वां शिखर सम्मेलन शुरू
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, विश्व बैंक, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और अन्य वैश्विक संगठनों सहित संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधियों के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है, जबकि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से बैठकों में शामिल होंगे। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा भी उपस्थित लोगों में शामिल होंगे।
- 26 Oct 2025 8:55 AM IST
मलेशिया में रविवार से दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) का 47वां शिखर सम्मेलन
मलेशिया में रविवार से दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) का 47वां शिखर सम्मेलन शुरू हुआ। इस बार का विषय है – ‘समावेशन और स्थिरता’। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सम्मेलन में शामिल होने के लिए मलेशिया नहीं जाएंगे, पीएम मोदी रविवार को वर्चुअल माध्यम से इससे जुड़ेंगे।
Created On :   26 Oct 2025 7:56 AM IST












