राजनीति: ममता बनर्जी को लोकतंत्र पर जरा भी आस्था तो छोड़ दें पद कविता पाटीदार

भोपाल, 19 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश से भाजपा की राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार ने पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हुई हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता डर के साए में जी रही है।
कविता पाटीदार त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद बिप्लब देब के नेतृत्व वाली भाजपा की उस चार सदस्यीय समिति की सदस्य हैं, जो हाल ही में हिंसाग्रस्त पश्चिम बंगाल के हालातों का जायजा लेकर लौटी है।
पश्चिम बंगाल से लौटीं राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से सवाल किया है कि सिर्फ पश्चिम बंगाल में ही हर चुनाव के बाद हिंसा क्यों होती है? क्यों गरीब कार्यकर्ताओं के घर जलाए जाते हैं और महिलाओं पर अत्याचार किए जाते हैं?
राज्यसभा सांसद ने कहा कि हाल ही में भारत के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा चुनाव संपन्न हुए हैं। इसके साथ-साथ तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव भी हुए हैं। लेकिन, पश्चिम बंगाल को छोड़कर कहीं भी राजनीतिक हिंसा की कोई घटना नहीं हुई है। पश्चिम बंगाल ही एकमात्र ऐसा राज्य है, जो चुनाव के बाद हिंसा की चपेट में है। वहां की भयावह स्थिति को कलकत्ता उच्च न्यायालय ने भी गंभीरता से लिया है और बंगाल में केंद्रीय बलों की तैनाती 21 जून तक बढ़ा दी है।
उन्होंने कहा कि हिंसाग्रस्त बंगाल में कार्यकर्ता डरे हुए हैं, जनता डरी हुई है। घर और दुकानें जलाई जा रही हैं, महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है और उनकी एफआईआर भी नहीं लिखी जा रही, जो बहुत गंभीर बात है। बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा का यह पहला मौका नहीं है। वहां पंचायत चुनाव और 2021 के विधानसभा चुनाव में भी टीएमसी कार्यकर्ताओं और उनके समर्थक गुंडों ने हिंसा का तांडव किया था।
उन्होंने कहा कि वहां भाजपा के कार्यकर्ताओं को चुन-चुनकर मारा गया, उनके घर जलाए गए और महिला कार्यकर्ताओं को अपमानित किया गया था। राजनीतिक प्रतिशोध में इस तरह की हिंसा, लोकतंत्र में अस्वीकार्य और संविधान के खिलाफ है। बात-बात पर लोकतंत्र की दुहाई देने वाली ममता बनर्जी अगर लोकतंत्र पर जरा सी भी आस्था रखती हैं, तो उन्हें इस हिंसा की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Jun 2024 5:37 PM IST