राजनीति: जमुई विधायक श्रेयसी सिंह साधेंगी मेडल के लिए निशाना, पेरिस ओलंपिक के लिए हुआ चयन

जमुई, 21 जून (आईएएनएस)। बिहार के जमुई से विधायक श्रेयसी सिंह पेरिस ओलंपिक में निशाना साधेंगी। पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए शॉटगन ट्रैप वूमेन प्रतियोगिता के लिए उनका चयन हुआ है।
जमुई विधानसभा की विधायक श्रेयसी सिंह का पेरिस में आयोजित ओलंपिक खेल में शॉटगन ट्रैप वूमेन प्रतियोगिता में चयन हुआ है। ऐसे में जमुई विधायक अब ओलंपिक गेम में मेडल पर निशाना साधेंगी।
श्रेयसी सिंह बिहार की पहली एथलीट बन गई हैं, जिसका चयन ओलंपिक के लिए हुआ है। जमुई विधायक श्रेयसी सिंह के पेरिस ओलंपिक में चयन होने पर पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।
श्रेयसी सिंह ने ग्लासगो में हुए 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स में निशानेबाजी की डबल ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक प्राप्त किया था। उसी वर्ष उन्होंने 2014 एशियाई खेलों में इंचियोन में डबल ट्रैप टीम स्पर्धा में शगुन चौधरी और वर्षा वर्मन के साथ कांस्य पदक जीता था।
साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया कॉमनवेल्थ गेम्स में निशानेबाजी की वूमेन डबल ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड मेडल पर श्रेयसी सिंह ने कब्जा जमाया था। इसी साल श्रेयसी सिंह को राष्ट्रपति द्वारा अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। श्रेयसी सिंह 2020 में भाजपा में शामिल हुईं। पार्टी ने उन्हें जमुई सीट से उतारा और उन्होंने जीत हासिल की।
विधायक श्रेयसी सिंह का जन्म 29 अगस्त 1991 को नई दिल्ली में हुआ। उनके पिता स्वर्गीय दिग्विजय सिंह सांसद और केंद्र सरकार में मंत्री रहे। उनकी मां पुतुल सिंह भी सांसद रहीं। श्रेयसी सिंह ने दिल्ली के हंसराज कॉलेज से ग्रेजुएशन और मानव रचना विश्वविद्यालय फरीदाबाद से एमबीए की पढ़ाई की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Jun 2024 5:43 PM IST