नवरात्रि में मां के इन शक्तिपीठों पर जरूर लगाएं हाजिरी, पूरी होगी हर मनोकामना!

नवरात्रि में मां के इन शक्तिपीठों पर जरूर लगाएं हाजिरी, पूरी होगी हर मनोकामना!
शारदीय नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर देश भर में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए विभिन्न मंदिरों में पहुंच रहे हैं, खासकर शक्तिपीठों पर भारी भीड़ देखी जा रही है। भारत और विश्व भर में कुल 51 सिद्ध शक्तिपीठ हैं, जिनमें से कुछ महत्वपूर्ण शक्तिपीठ पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में स्थित हैं। ये शक्तिपीठ न केवल धार्मिक दृष्टि से अत्यंत पूजनीय हैं, बल्कि इनसे जुड़ी मान्यताएं और पौराणिक कथाएं भी इनकी महत्ता को और बढ़ाती हैं।

नई दिल्ली, 30 सितंबर (आईएएनएस)। शारदीय नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर देश भर में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए विभिन्न मंदिरों में पहुंच रहे हैं, खासकर शक्तिपीठों पर भारी भीड़ देखी जा रही है। भारत और विश्व भर में कुल 51 सिद्ध शक्तिपीठ हैं, जिनमें से कुछ महत्वपूर्ण शक्तिपीठ पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में स्थित हैं। ये शक्तिपीठ न केवल धार्मिक दृष्टि से अत्यंत पूजनीय हैं, बल्कि इनसे जुड़ी मान्यताएं और पौराणिक कथाएं भी इनकी महत्ता को और बढ़ाती हैं।

हरियाणा के थानेसर में स्थित सावित्री शक्तिपीठ या मां भद्रकाली मंदिर भारत के प्राचीनतम मंदिरों में से एक है। यह मंदिर द्वैपायन झील के समीप स्थित है। पुराणों के अनुसार, माता सती का दाहिना टखना इस स्थान के सामने के कुएं में गिरा था। इसी कारण इसे सावित्रीपीठ, देवीकूप और कालिकापीठ भी कहा जाता है। यहां सती को सावित्री और भगवान शिव को स्थानु महादेव के नाम से पूजा जाता है। मंदिर के आसपास का क्षेत्र स्थानेश्वर या थानेसर के नाम से विख्यात है, क्योंकि सावित्री के पति का नाम स्थानु था। इस मंदिर में घोड़े दान करने की परंपरा महाभारत काल से चली आ रही है। कहा जाता है कि पांडवों ने विजय की प्राप्ति के उपलक्ष्य में यहां घोड़े दान किए थे।

पंजाब के जालंधर में स्थित स्तनपीठ मां त्रिपुरमालिनी देवी मंदिर या देवी तालाब मंदिर के नाम से जाना जाता है। कहा जाता है कि इसी स्थान पर मां सती का बाया वक्ष (स्तन) गिरा था। यह शक्तिपीठ रेलवे स्टेशन से मात्र 1 किलोमीटर दूर उत्तर दिशा में है। यहां की देवी की शक्ति त्रिपुरमालिनी और भैरव के भयंकर रूप की पूजा की जाती है। यह शक्तिपीठ त्रिगर्त तीर्थ के नाम से भी विख्यात है। हजारों श्रद्धालु दूर-दूर से मां की कृपा प्राप्त करने के लिए यहां आते हैं।

राजस्थान के अजमेर के पास पुष्कर में स्थित मणिबंध शक्तिपीठ को गायत्री शक्तिपीठ के नाम से जाना जाता है। यह शक्तिपीठ देवी सती की कलाइयों के गिरने के स्थान पर स्थित है। यहां देवी सती को गायत्री स्वरूप में पूजा जाता है। यह शक्तिपीठ गायत्री मंत्र साधना का प्रमुख केंद्र भी है। अजमेर से लगभग 11 किलोमीटर दूर गायत्री पहाड़ियों पर बसा यह मंदिर श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है।

भरतपुर के निकट विराट नगर में स्थित देवी अंबिका शक्तिपीठ भी 51 सिद्ध शक्तिपीठों में से एक है। यहां देवी सती के पैर की उंगलियां गिरी थीं। यह मंदिर देवी अंबिका को समर्पित है और भगवान शिव की पूजा अमृतेश्वर स्वरूप में की जाती है। जयपुर से लगभग 90 किलोमीटर दूर यह स्थान नवरात्रि, दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों पर श्रद्धालुओं से भर जाता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 Sept 2025 3:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story