राजनीति: लालच और भय का माहौल बना कर कांग्रेस ने जीता हिमाचल उपचुनाव भाजपा

शिमला, 13 जुलाई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना पूरी हो गई है। कांग्रेस ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को एक सीट से संतोष करना पड़ा है।
हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर देहरा सीट जीत गई हैं, जबकि हरदीप सिंह बावा ने नालागढ़ सीट जीती है। वहीं, भाजपा उम्मीदवार आशीष शर्मा ने हमीरपुर सीट पर जीत दर्ज की है।
कांग्रेस उम्मीदवार और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने शनिवार को देहरा विधानसभा सीट जीतने के बाद रोड शो किया। कांग्रेस ने पहली बार यह सीट जीती है, जिसमें ठाकुर ने भाजपा के होशियार सिंह को 9,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया।
चुनावी नतीजों को लेकर भाजपा की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया सामने आयी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार पिछले डेढ़ वर्ष से चल रही है। उपचुनाव को लेकर सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी थी। करोड़ों रुपये और सरकारी मशीनरी लगाई गई। सत्ता-शासन का दुरुपयोग किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 7 दिन हमीरपुर के गली-मोहल्लों में लगाए, परन्तु वो चुनाव हार गए। यह उपचुनाव लोभ, लालच और भय के आधार पर कांग्रेस ने जीता है।
उन्होंने आगे कहा कि तीन उपचुनावों में भाजपा ने हमीरपुर सीट जीती और मुख्यमंत्री के जिले की सीट भाजपा ने जीती है। मुख्यमंत्री ने करोडों रुपये इस उपचुनाव पर लगाए, पूरी सरकार को चुनाव अभियान में लगाया, उम्मीदवार पर निराधार मुकदमे दर्ज कराए। भाजपा को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए डर, भय और आतंक का माहौल प्रदेश में खड़ा किया गया लेकिन भाजपा कार्यकर्ता मैदान में डटे रहे।
नालागढ़ के चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने करोड़ों रुपये व्यय किए। हर मोहल्ले में दारु के अड्डे और नशे के अड्डे खोल दिए। लोगों को बन्दूक की नोक पर धमकाया गया। इसी प्रकार से देहरा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार के पीछे बड़ी मात्रा में पुलिस बल लगा कर रखा गया। करोड़ों रुपये की दारू और धन का व्यय किया गया, हर चुने हुए प्रतिनिधि को डराया और धमकाया गया। हिमाचल की जनता यह सब जानती है कि भ्रष्टाचार के पैसे का कहां इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके कई प्रमाण हमारे पास हैं। उपचुनाव में हिमाचल सरकार चुनाव लड़ रही थी ना कि कांग्रेस पार्टी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 July 2024 6:43 PM IST