राजनीति: भाजपा के पास पूर्ण बहुमत होता तो संविधान बदल देते उदित राज

नई दिल्ली, 1 दिसंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के रामलीला मैदान में डोमा परिसंघ की अगुवाई में रविवार को एक महारैली आयोजित की गई। इस रैली में संविधान, ईवीएम सहित अन्य मुद्दों पर कांग्रेसी नेताओं ने आवाज बुलंद की।
कांग्रेस नेता उदित राज ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा है कि वह समय-समय पर ध्यान बांटने का काम करते हैं। जनसंख्या जरूरी है या देश का विकास? वह देश को 200 वर्ष पीछे ले जा रहे हैं। इससे देश में गरीबी बढ़ेगी। संसाधन बढ़ेंगे नहीं और जनसंख्या बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा तो इससे समस्या ही पैदा होगी। शोषण ज्यादा होगा। बात विज्ञान की होनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान से नफरत करती हैं। मैं समझता हूं कि इस बार भाजपा के पास अगर पूर्ण बहुमत होता तो वे लोग संविधान बदल देते। झारखंड में भाजपा के लोग हिन्दू-मुसलमान कर चुनाव की दिशा मोड़ना चाहते थे, लेकिन वे इसमें कामयाब नहीं हो पाए।
रामलीला मैदान में यह रैली बहुजन समाज की रैली है, जिसमें दलित, ओबीसी, अल्पसंख्यक और आदिवासी शामिल हैं। पिछले 10 वर्षों में आरक्षण लगभग समाप्त कर दिया गया है और निजीकरण ने अपना दबदबा बना लिया है। जाति धर्म के आधार पर बुलडोजर चलाया जाता है। कोर्ट की अब कोई भूमिका नहीं रह गई है। कार्यपालिका, न्यायपालिका और विधायिका तीनों को लोकतंत्र का आधार-स्तंभ माना जाता है। अदालत का कोई मतलब नहीं रहा। सीधा आदेश आता है कि जाओ घर पर बुलडोजर चला दो। इसलिए संविधान खतरे में है। भारतीय चुनाव आयोग की आज क्या स्थिति है। आज की रैली में जो भी मांगे उठाई जा रही हैं, वे संविधान से संबंधित हैं।
राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा है कि 'इंडिया' ब्लॉक के नेता लगातार इस बात को कह रहे हैं संविधान के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। वे लोग खुद को संविधान से भी ऊपर समझ रहे हैं। यह देश को स्वीकार नहीं हो सकता है। यह देश नियम-कानून और संविधान से चलेगा। इससे केंद्र की सरकार में बैठे लोग परेशान हैं। उनकी परेशानी का इलाज जनता जल्द ही करेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Dec 2024 11:11 PM IST