राजनीति: बिहार में भाजपा मंडल से लेकर संगठन जिलों की बढ़ाएगी संख्या

पटना, 5 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर करीब सभी दलों ने तैयारी शुरू कर दी है। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी में है। भाजपा मंडल से लेकर संगठन जिलों की संख्या में वृद्धि करने जा रही है। प्रदेश कार्यालय में लगातार जिलास्तरीय बैठक चल रही है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने गुरुवार को बताया कि पार्टी की जिलास्तरीय बैठक चल रही है, जिसमें प्रदेश स्तर के नेता भी भाग ले रहे हैं। यह बैठक अगले दो से तीन दिन और चलेगी।
उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले चुनाव और संगठन के कार्यों को और जमीनी स्तर तक करने के लिए हम लोगों ने परिसीमन करने का निर्णय लिया है। वर्तमान समय में प्रदेश में पार्टी के 45 संगठन जिला हैं। हम लोग अपनी पार्टी में परिसीमन कर रहे हैं। संगठन जिला को 45 से बढ़ाकर 51 या उससे ज्यादा करेंगे। छह से सात संगठन जिला और बढ़ाएंगे। इसके अलावा मंडल की भी संख्या बढ़ाई जाएगी। जिस मंडल में 60-70 बूथ हैं, उसे काटकर नया मंडल बनेगा। इससे संगठन के कार्यों को आसानी से किया जा सकेगा। इससे 2025 के विधानसभा चुनाव में प्रबंधन भी आसानी से हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि संगठन पर्व चल रहा है और संगठन को और धारदार बनाए जाने को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। बिहार भाजपा मंडल अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष नियुक्त करने को लेकर जोर-शोर से जुटी है। इस साल 15 दिसंबर तक सभी मंडलों में नए अध्यक्ष की नियुक्ति करने का लक्ष्य रखा गया है। 30 दिसंबर तक सभी संगठन जिलों में जिलाध्यक्ष की नियुक्ति हो जाएगी। यही टीम अगले साल होने वाले चुनावी मैदान में जोश के साथ उतरेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Dec 2024 8:44 PM IST