राजनीति: संसद में नोटों की गड्डियां बरामद होने पर भाजपा नेताओं ने की जांच की मांग

संसद में नोटों की गड्डियां बरामद होने पर भाजपा नेताओं ने की जांच की मांग
राज्यसभा सांसद अभिषेक मनु सिंघवी की सीट से सदन के अंदर नोटों की गड्डी बरामद होने के बाद सियासी बवाल मच गया है। इस घटना पर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई हैं। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। भाजपा के सांसदों ने इसे लोकतंत्र के मंदिर का अपमान बताया है।

नई दिल्ली, 6 दिसंबर (आईएएनएस)। राज्यसभा सांसद अभिषेक मनु सिंघवी की सीट से सदन के अंदर नोटों की गड्डी बरामद होने के बाद सियासी बवाल मच गया है। इस घटना पर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई हैं। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। भाजपा के सांसदों ने इसे लोकतंत्र के मंदिर का अपमान बताया है।

भाजपा सांसद रवि किशन ने सवाल उठाया कि संसद में नोटों की गड्डी कैसे आई? इसका इस्तेमाल क्यों हुआ और किसके लिए किया गया। इस मामले की जांच में सभी तथ्यों का पता चलना चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह घटना संसद के भीतर क्यों घटी।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि उन्हें यह घटना देखकर हैरानी हुई है। यह लोकतंत्र का मंदिर है और संसद में नोटों की गड्डियां किसके लिए थीं, किसने इन्हें भेजा? यह एक गंभीर सवाल है। जब हम संसद में जाते हैं तो हमारे मोबाइल तक चेक होते हैं, फिर यह नोटों की गड्डियां किस तरह पहुंचीं?

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर काले धन का गढ़ कितना गहरा है, यह साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच होनी चाहिए और दोषी को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि उपराष्ट्रपति महोदय इस मामले की जांच कराएं और इस पर कार्रवाई हो।

भाजपा सांसद रामेश्वर तेली ने कहा कि यह सिर्फ एक छोटी घटना नहीं है, बल्कि लोकतंत्र की शुद्धता पर बड़ा सवाल उठाती है। उन्होंने कहा कि अगर सिंघवी की सीट से पैसे मिले हैं तो इसकी पूरी जांच होनी चाहिए। उसमें सिर्फ रुपये नहीं, विदेशी मुद्रा भी है, तो इसका सच सामने आना चाहिए। अगर यह पैसा सिंघवी का नहीं है, तो कोई भी इसे क्लेम करने क्यों नहीं आया? इस पर भी जांच होनी चाहिए।

भाजपा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह संसद और देश के लिए शर्म की बात है। यह सिर्फ नोटों की गड्डियां नहीं, बल्कि काले धन और भ्रष्टाचार का भी मुद्दा है। इसकी जांच होनी चाहिए और यह पता लगाना चाहिए कि ये नोट सही हैं या फर्जी। उन्होंने कहा कि अगर ये पैसे किसी के नहीं हैं, तो कोई भी क्लेम क्यों नहीं करने आया?

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 Dec 2024 7:51 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story