राजनीति: लालू यादव का बयान महिलाओं का अपमान, माफी मांगनी चाहिए दिलीप जायसवाल

लालू यादव का बयान महिलाओं का अपमान, माफी मांगनी चाहिए  दिलीप जायसवाल
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने राजद अध्यक्ष लालू यादव के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित 'महिला संवाद यात्रा' पर दिए गए "नैन सेंकने" वाले बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनको अपने बयान के लिए महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए।

पटना, 10 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने राजद अध्यक्ष लालू यादव के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित 'महिला संवाद यात्रा' पर दिए गए "नैन सेंकने" वाले बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनको अपने बयान के लिए महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए।

दिलीप जायसवाल ने आईएएनएस से कहा, "लालू यादव पर अब उम्र का असर होने लगा है। जिस तरह की भाषा का उन्होंने अपने बयान में उपयोग किया, यह बिहार की महिलाओं का अपमान है। उनको बिहार की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए।"

उन्होंने कहा कि लालू यादव ने बयान में अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। वैसे उनकी आदत है, कुछ न कुछ बोलते रहने की, इस कारण हम उनके बयानों को गंभीरता से नहीं लेते हैं। महिलाएं उनके बयान को लेकर आक्रोशित हैं। उन्होंने जिस तरह से महिलाओं पर आक्षेप लगाया है, इसके लिए उन्हें माफी मांगने की आवश्यकता है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 'इंडिया' ब्लॉक का नेतृत्व करने की इच्छा को लालू यादव से समर्थन मिलने पर कहा, "इंडी गठबंधन में अंदर ही अंदर खिचड़ी पक रही है। ये लोग राहुल गांधी से अलग होना चाहते हैं, क्योंकि राहुल गांधी और कांग्रेस धीरे-धीरे क्षेत्रीय दलों के ऊपर दादागिरी करना चाहती है। कांग्रेस के पास क्षेत्रीय दलों को महत्व नहीं मिलता है।"

उन्होंने कहा, "इन लोगों को आभास है कि कांग्रेस अब डूबता जहाज है, जिस पर अब इन लोगों को रहने की इच्छा नहीं है। गठबंधन के अंदर कई महीने से यह सब चल रहा है और अब इंडी गठबंधन दो भागों में बंटने के लिए तैयार है।"

राजद प्रमुख लालू यादव से पटना में मंगलवार को जब पत्रकारों ने ममता बनर्जी के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने कहा, " 'इंडिया' गठबंधन का नेतृत्व ममता बनर्जी को दे देना चाहिए। हम सहमत हैं।"

कांग्रेस की आपत्ति से जुड़े प्रश्न पर लालू यादव ने कहा, "कांग्रेस की आपत्ति जताने से कुछ नहीं होगा। ममता बनर्जी को नेतृत्व दे देना चाहिए।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Dec 2024 7:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story