राजनीति: नीतीश कुमार की 'प्रगति यात्रा' नहीं, 'अलविदा यात्रा' है तेजस्वी यादव

अररिया, 18 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 'प्रगति यात्रा' शुरू करने वाले हैं। उनकी 'प्रगति यात्रा' को बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने 'अलविदा यात्रा' बताया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बुधवार को 'कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद यात्रा' के क्रम में अररिया पहुंचे।
अररिया में उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री की यह 'प्रगति यात्रा' नहीं, बल्कि, 'अलविदा यात्रा' है। पिछले चुनाव में मुख्यमंत्री हाथ जोड़कर कह रहे थे, पूर्णिया में मेरा आखिरी चुनाव है, अब यह लोग जानते हैं कि भाजपा वाले सहने वाले नहीं हैं। अब इनके दिन पूरे हो गए हैं, उनकी यह 'अलविदा यात्रा' है और वह 'अलविदा यात्रा' पर निकल रहे हैं।"
तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि वह अपनी यात्रा के क्रम में कार्यकर्ताओं से बात कर रहे हैं और उनकी समस्याएं भी सुन रहे हैं। इस क्रम में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के डॉ. भीमराव आंबेडकर पर दिए गए बयान का जिक्र करते हुए उसकी निंदा भी की।
उन्होंने कहा कि भाजपा आरएसएस के एजेंडे पर चल रही है। इनका कोई विजन नहीं है। ये लोग पहले गांधी जी, कर्पूरी जी और अब नेहरू एवं आंबेडकर जी को गाली दे रहे हैं। भाजपा के पास कोई महापुरुष नहीं है। आजादी की लड़ाई में भी इनका कोई योगदान नहीं था। भाजपा का एक ही काम है, नफरत फैलाना और भाई को भाई से लड़ाना।
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि थके मुख्यमंत्री और रिटायर्ड पदाधिकारी से बिहार का विकास नहीं हो सकता। उन्होंने महागठबंधन की सरकार बनने के बाद महिलाओं को 2,500 रुपए प्रतिमाह देने का वादा करते हुए कहा कि इससे महिलाओं को समृद्ध बनाया जाएगा। उन्होंने स्मार्ट मीटर को लेकर भी सरकार पर सियासी हमला बोला।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Dec 2024 9:24 PM IST