राजनीति: अहंकारी राहुल गांधी खुद को कानून से ऊपर समझते हैं अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली, 19 दिसंबर (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी द्वारा भाजपा सांसदों को धक्का मारकर घायल करने की घटना पर साथी सांसदों बांसुरी स्वराज व हेमांग जोशी के साथ संसद मार्ग थाने में राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और कहा कि अहंकारी राहुल गांधी खुद को कानून से ऊपर समझते हैं।
अनुराग ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ''कांग्रेस पार्टी और इनके नेताओं द्वारा आज संसद में बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना को अंजाम दिया गया। कांग्रेस और राहुल गांधी को कानून के उल्लंघन की आदत है। अहंकारी राहुल गांधी खुद को कानून से ऊपर समझते हैं। आज हमने राहुल गांधी के खिलाफ मारपीट और उकसावे की शिकायत दर्ज कराई है। जहां हमने संसद भवन के मकर द्वार के बाहर आज हुई घटना का विस्तार से उल्लेख किया है, जहां एनडीए सांसद शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और राहुल गांधी ने उन्हें धक्का देकर घायल कर दिया, जिसके चलते भाजपा के दो सांसद अस्पताल में भर्ती हैं। हमने राहुल गांधी के खिलाफ धारा 109, 115, 117, 125, 131 और 351 के तहत शिकायत दी है। इनको कानून के उल्लंघन की आदत है। हत्या की कोशिश की धाराओं में शिकायत दी है। बीएनएस की धारा 109 के तहत शिकायत दी गई है। घटना के बाद भी राहुल गांधी का आहंकार नहीं टूटा और वो बिना सांसदों से मिले निकल गए। राहुल गांधी अपने आप को कानून से ऊपर समझते हैं।''
उन्होंने कहा, ''कांग्रेस खिसियानी बिल्ली खंभा नोचने वाली मानसिकता में है। राहुल गांधी का यह व्यवहार न केवल गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि, संसदीय गरिमा और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला भी है। ये वही राहुल गांधी हैं, जो अपनी ही सरकार में अपनी ही सरकार के ऑर्डिनेंस को फाड़ देते हैं। ये वही कांग्रेस है, जिसने बाबा साहेब आंबेडकर का बार-बार अपमान किया। कांग्रेस और बाकी साथी दल हर दिन प्रदर्शन करते हैं। आज भाजपा सांसद प्रदर्शन करने पहुंचे तो राहुल गांधी और उनके सांसद जबरदस्ती वहां घुसकर शारीरिक प्रदर्शन करने लगे।''
उन्होंने आगे कहा, ''हम शांतिपूर्ण तरीके से कांग्रेस के झूठ को बेनकाब कर रहे थे। इसी दौरान राहुल गांधी इंडी गठबंधन के सांसदों के साथ उस ओर कूच करते हैं, जब सिक्योरिटी वाले उनको कहते हैं, उस पर राहुल गांधी ने गुस्सा प्रकट किया। एनडीए के सांसदों के बीच में दलबल के साथ वो कूच कर गए, उन्होंने अपने साथियों को भी उकसाया। वो दुर्भावनापूर्ण रवैये के साथ आगे बढ़े। उन्हें पता था, चोट लग सकती है। मुकेश राजपूत उस धक्के में सिर के बल गिरे, प्रताप चंद्र सारंगी जी का सिर फट गया है। शारीरिक हमला और उकसाने का काम राहुल गांधी ने किया है। राहुल गांधी ने जो रास्ता तय किया, उस पर नहीं गए। दलबल का प्रयोग किया, अपने साथियों को उकसाया, जिससे दो सांसदों को गंभीर चोटें लगी हैं।''
इस दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा, ''बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर जी का बार-बार अपमान किस तरह नेहरू-गांधी परिवार ने किया, इतिहास इसका साक्षी है। जो नेहरू जी, आंबेडकर जी को चुनाव हराने के लिए स्वयं पहुंच गए थे, आज उन्हीं की चौथी पीढ़ी को बाबा साहेब की फोटो लेकर घूमना पड़ रहा है। कांग्रेस संविधान और बाबा साहेब का नाम लेकर झूठ और भ्रम फैला रही है, लेकिन सच्चाई ये है कि कांग्रेस ने हमेशा भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के योगदान को नजरअंदाज ही किया है।''
उन्होंने यह भी कहा, ''जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी ने खुद को भारत रत्न से सम्मानित किया, राजीव जी को कांग्रेस सरकार में भारत रत्न मिला, लेकिन बीआर आंबेडकर जी को उनके निधन के बाद भी भारत रत्न नहीं दिया। बाबा साहेब को भारत रत्न से तब सम्मानित किया गया, जब जनता दल की सरकार भाजपा के समर्थन से सत्ता में थी। मोदी जी ने बाबा साहेब को उनका उचित सम्मान दिया है। पीएम मोदी ने मऊ, नागपुर, मुंबई, दिल्ली और लंदन में पंच तीर्थ का निर्माण किया, संविधान दिवस मनाना शुरू किया और उनकी जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया। बाबा साहेब के प्रति घृणित मानसिकता ने कांग्रेस का चेहरा बेनकाब कर दिया है।''
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Dec 2024 8:23 PM IST