सिनेमा: प्रीति अदाणी और सीएम फडणवीस ने फिल्म निर्माता श्याम बेनेगल के निधन पर दुख जताया

प्रीति अदाणी और सीएम फडणवीस ने फिल्म निर्माता श्याम बेनेगल के निधन पर दुख जताया
फिल्म निर्माता श्याम बेनेगल का सोमवार को 90 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अदाणी फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रीति अदाणी ने दुख जताया है।

मुंबई, 23 दिसंबर (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता श्याम बेनेगल का सोमवार को 90 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अदाणी फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रीति अदाणी ने दुख जताया है।

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक श्याम बेनेगल के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। उन्होंने समानांतर सिनेमा को सबसे आगे लाया। उन्हें कई राष्ट्रीय पुरस्कार मिले। भारतीय सिनेमा के लिए उनकी सेवा अतुलनीय है और उनका जाना एक युग का अंत है। मैं दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

वहीं, अदाणी फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रीति अदाणी ने भी श्याम बेनेगल के निधन पर दुख जताया। प्रीति अदाणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "श्याम बेनेगल का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है। एक बेहतरीन कहानीकार, उनकी फिल्मों ने कला और वास्तविकता को जोड़ा, अनसुनी बातों को आवाज दी और समानांतर सिनेमा के स्वर्णिम युग को आकार दिया। उनकी विरासत फिल्म निर्माताओं और सिनेमा प्रेमियों को प्रेरित करती रहेगी।"

बता दें कि फिल्म निर्माता श्याम बेनेगल का सोमवार को 90 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की पुष्टि उनके पारिवारिक मित्र ने की। 14 दिसंबर को ही उन्होंने 90वां जन्मदिन मनाया था।

श्याम बेनेगल को नए दौर की फिल्मों के लिए याद किया जाता है। उन्होंने ‘अंकुर’, ‘निशांत’, ‘मंथन’ और 'भूमिका' जैसी फिल्में बनाई थी। श्याम को साल 1976 में पद्मश्री और 1991 में पद्म भूषण सम्मान से नवाजा गया था। साल 2007 में उन्हें भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च पुरस्कार दादा साहब फाल्के पुरस्कार से नवाजा गया था। उन्होंने 1980 के दशक के मध्य में दूरदर्शन के लिए धारावाहिक 'यात्रा', 'कथा सागर' और 'भारत एक खोज' भी बनाई थी।

वह इकलौते फिल्म निर्देशक थे, जिन्होंने सर्वश्रेष्ठ हिंदी फीचर फिल्म के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार पांच बार जीता था। इसके अलावा श्याम बेनेगल को साल 2012 में साउथ एशियन सिनेमा फाउंडेशन के एक्सीलेंस इन सिनेमा अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उनको भारतीय सिनेमा में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह पुरस्कार लंदन में दिया गया था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 Dec 2024 10:51 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story