राजनीति: दिल्ली चुनाव आदर्श नगर में आप की पकड़, मुकेश गोयल से नई उम्मीद

दिल्ली चुनाव  आदर्श नगर में आप की पकड़, मुकेश गोयल से नई उम्मीद
दिल्ली की आदर्श नगर विधानसभा राज्य के उत्तरी क्षेत्र की एक प्रमुख और समृद्ध सीट है। यह सीट चांदनी चौक लोकसभा में आती है। आम आदमी पार्टी ने इस सीट से मुकेश गोयल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है जो स्थानीय लोगों के बीच एक परिचित नाम है। वह लंबे समय तक पार्षद रहे हैं और क्षेत्र की राजनीति में मजबूत पकड़ रखते हैं।

नई दिल्ली, 16 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली की आदर्श नगर विधानसभा राज्य के उत्तरी क्षेत्र की एक प्रमुख और समृद्ध सीट है। यह सीट चांदनी चौक लोकसभा में आती है। आम आदमी पार्टी ने इस सीट से मुकेश गोयल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है जो स्थानीय लोगों के बीच एक परिचित नाम है। वह लंबे समय तक पार्षद रहे हैं और क्षेत्र की राजनीति में मजबूत पकड़ रखते हैं।

साल 2020 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान आदर्श नगर विधानसभा सीट पर आप को महज 1,589 वोटों से जीत मिली थी। पवन शर्मा ने इस सीट से आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधित्व किया था, जिनके सामने भाजपा के राज कुमार भाटिया और कांग्रेस के मुकेश कुमार गोयल थे। हालांकि, पार्टी ने इस बार पवन शर्मा का टिकट काटकर मुकेश गोयल को टिकट दिया है।

आदर्श नगर विधानसभा सीट के इतिहास पर अगर हम नजर डालें तो यहां पहला चुनाव 1993 में हुआ था, जहां भाजपा के जयप्रकाश यादव ने कांग्रेस के मंगत राम को सिर्फ 40 वोटों से हराया था। इसके बाद 1998, 2003 और 2005 के चुनावों में मंगत राम ने जीत हासिल की।

साल 2013 के चुनाव में भाजपा के राम किशन सिंघल ने जीत दर्ज की। लेकिन, 2015 में आप के पवन शर्मा ने इस सीट पर जीत हासिल की। साल 2020 में इस सीट से पवन शर्मा दूसरी बार जीते। इस बार आप ने मुकेश गोयल को इस सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।

मुकेश गोयल लंबे समय से पार्षद हैं। साल 2022 में उन्होंने पहली बार आम आदमी पार्टी की टिकट पर पार्षद पद का चुनाव जीता, जबकि इससे पहले वह कई बार कांग्रेस के टिकट पर पार्षद चुने जा चुके थे। साल 2021 में वह आप में शामिल हुए थे और अब पार्टी ने उन्हें आदर्श नगर विधानसभा सीट से टिकट दिया है। मुकेश गोयल की छवि एक सक्रिय और जनता के बीच लोकप्रिय नेता के रूप में स्थापित हुई है।

आदर्श नगर विधानसभा सीट पर कुल 1,77,411 वोटर हैं, जिनमें से 96,847 पुरुष, 80,517 महिला और 47 थर्ड जेंडर वोटर हैं।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव आयोग ने मंगलवार को चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। दिल्ली में 5 फरवरी को एक चरण में चुनाव होगा और नतीजे की घोषणा 8 फरवरी को होगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 Jan 2025 10:43 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story