राजनीति: वकालत से राजनीति में आए सोमनाथ भारती, सशक्त नेता बनने की संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायक कहानी

दिल्ली विधानसभा चुनाव में मालवीय नगर सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सोमनाथ भारती एक वकील, समाजसेवी और राजनेता हैं। वह आप के संस्थापक सदस्य और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री भी रहे हैं। तीन बार के विधायक भारती ने अपनी कानूनी और सामाजिक पृष्ठभूमि का उपयोग समाज के वंचित वर्गों के लिए काम करने में किया है।

नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली विधानसभा चुनाव में मालवीय नगर सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सोमनाथ भारती एक वकील, समाजसेवी और राजनेता हैं। वह आप के संस्थापक सदस्य और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री भी रहे हैं। तीन बार के विधायक भारती ने अपनी कानूनी और सामाजिक पृष्ठभूमि का उपयोग समाज के वंचित वर्गों के लिए काम करने में किया है।

सोमनाथ भारती का जन्म 10 मई 1974 को बिहार के नवादा जिले के एक छोटे से गांव हिसुआ में हुआ था। उनके पिता सीताराम भारती एक धार्मिक व्यक्ति और मां मनोरमा रानी एक स्कूल शिक्षिका थीं। उनके परिवार का धार्मिक और शैक्षिक वातावरण उनकी जीवन यात्रा में अहम साबित हुआ। भारती ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बिहार से प्राप्त की और बाद में दिल्ली में उच्च शिक्षा के लिए कदम रखा। उन्होंने 1997 में आईआईटी दिल्ली से एमएससी की डिग्री प्राप्त की और बाद में दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी किया।

लॉ की डिग्री प्राप्त करने के बाद सोमनाथ भारती ने दिल्ली उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय में वकालत की। उन्होंने नागरिक और आपराधिक कानून में प्रैक्टिस की, लेकिन उनका अधिकांश समय सार्वजनिक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करते हुए जनहित याचिकाएं (पीआईएल) दाखिल करने में बीता। उन्होंने 'भारती एंड एसोसिएट्स' नामक एक कानूनी फर्म भी बनाई, जिसके माध्यम से उन्होंने कई सामाजिक और सार्वजनिक मुद्दों पर संघर्ष किया।

सोमनाथ भारती का राजनीति में प्रवेश 2012 में हुआ जब उन्होंने अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लिया। वह आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्य बने और 2013 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें मालवीय नगर सीट से उम्मीदवार बनाया। चुनाव जीत कर वह दिल्ली सरकार में कानून मंत्री, पर्यटन मंत्री, प्रशासनिक सुधार मंत्री, कला और संस्कृति मंत्री बने। उन्होंने दिल्ली की न्यायिक प्रणाली में सुधार के लिए 19 प्रमुख कदम उठाए, जिनमें अदालतों के कार्यवाही की ऑडियो-विजुअल रिकॉर्डिंग की व्यवस्था शामिल था, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

उनका एक प्रमुख योगदान मालवीय नगर में ड्रग्स और मानव तस्करी के खिलाफ अभियान था। उन्होंने स्थानीय निवासियों की मदद से पुलिस को कार्रवाई करने के लिए प्रेरित किया, जो इस मामले में अवरुद्ध हो गई थी। साल 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में भी उन्होंने भारी मतों से जीत हासिल की।

साल 2015 में सोमनाथ भारती की पत्नी ने उन पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया, लेकिन 2019 में दिल्ली उच्च न्यायालय ने उन्हें आरोपों से मुक्त कर दिया। सोमनाथ भारती का निजी जीवन भी दिलचस्प है। वह अपने पिता से प्राप्त आध्यात्मिक मार्गदर्शन के तहत ध्यान और साधना में गहरी रुचि रखते हैं। उनका मानना है कि राजनीति में उनकी भूमिका एक 'निष्काम सेवा' के रूप में है और यही उद्देश्य राजनीति में उनकी सक्रिय भागीदारी का कारण बना।

सोमनाथ भारती के लिए राजनीति सिर्फ सत्ता की ओर बढ़ने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह उनके लिए एक मंच है, जिससे वह समाज में वास्तविक बदलाव ला सकें। उनका सपना दिल्ली की जलापूर्ति व्यवस्था को सुधारने और यमुना नदी को साफ करने का है, ताकि लोग उसमें पवित्र स्नान कर सकें। वर्तमान में, वह दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष के रूप में काम कर रहे हैं और उनके नेतृत्व में दिल्ली जल बोर्ड की कार्यप्रणाली में बड़े सुधार हो रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 Jan 2025 6:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story