राजनीति: दिल्ली के लोग केजरीवाल के साथ हैं, हमारी सरकार बनेगी आले मोहम्मद इकबाल

नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। मटिया महल विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी आले मोहम्मद इकबाल अपनी जीत के प्रति आश्वस्त हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें क्षेत्र के लोगों से भरपूर समर्थन मिल रहा है।
आले मोहम्मद इकबाल ने शुक्रवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि लोगों का यह प्यार अरविंद केजरीवाल के कारण है। पूरी दिल्ली की जनता ने मन बना लिया है कि इस बार फिर केजरीवाल की सरकार बनानी है क्योंकि दिल्ली के लोगों के दिलों में केजरीवाल बसते हैं।
भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि भले ही वे दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री को यहां पर लाकर वोटरों को लुभाने की कोशिश करें, दिल्ली में रहने वाले सभी धर्म के लोग केजरीवाल के साथ हैं।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक दलों के द्वारा प्रचार तेज कर दिया गया है। भाजपा के प्रत्याशियों के लिए कई राज्यों के मुख्यमंत्री रैलियां कर रहे हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांग चुके हैं।
आम आदमी पार्टी ने भी पूरी ताकत लगा दी है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के लिए रोड शो कर रहे हैं। साथ ही उनका पूरा मंत्रिमंडल दिल्ली में मौजूद है।
कांग्रेस की ओर से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सीलमपुर से चुनावी सभा का आगाज कर चुके हैं। लेकिन, बीते दिनों उनकी तबीयत खराब होने की वजह से वह कोई चुनावी सभा नहीं कर पाए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, राहुल गांधी की तबीयत अब ठीक है और वह चुनावी सभाओं में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 29 जनवरी को चुनावी सभा करेंगे।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को वोटिंग होगी। वोटिंग के बाद 8 फरवरी को परिणाम घोषित किया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Jan 2025 9:07 PM IST