राजनीति: शारदा सिन्हा, सुशील मोदी सहित बिहार के सात लोगों को पद्म सम्मान, सीएम नीतीश कुमार ने दी बधाई

पटना, 25 जनवरी (आईएएनएस)। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर गृह मंत्रालय ने साल 2025 के लिए पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। चुनावी राज्य बिहार से भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को पद्म भूषण और जानी-मानी लोकगायिका शारदा सिन्हा को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा राज्य के कई हस्तियों के नाम इस सूची में हैं।
इस साल बिहार की सात हस्तियों को पद्म सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। गृह मंत्रालय द्वारा जारी सूची के अनुसार, स्वर्गीय सुशील मोदी को पद्म भूषण, दिवंगत लोक गायिका शारदा सिन्हा को पद्म विभूषण तथा समाजसेवी भीम सिंह भावेश को पद्मश्री सम्मान प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हेमन्त कुमार, लोक सेवक किशोर कुणाल, निर्मला देवी (कला), विजय नित्यानंद सूरीश्वर जी महाराज को अध्यात्मवाद के लिए पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
इधर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस साल पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "बिहार कोकिला स्व. शारदा सिन्हा को कला के क्षेत्र में पद्म विभूषण (मरणोपरांत), स्व. सुशील कुमार मोदी को लोक कार्य के क्षेत्र में पद्म भूषण (मरणोपरांत) एवं स्व. आचार्य किशोर कुणाल को सिविल सेवा के क्षेत्र में पद्म श्री (मरणोपरांत) का सम्मान मिलना बिहार के लिए गौरव की बात है।"
उन्होंने लिखा, "साथ ही भीम सिंह भवेश को समाज सेवा के क्षेत्र में, डॉ. हेमंत कुमार को मेडिसिन के क्षेत्र में, निर्मला देवी को कला के क्षेत्र में एवं विजय नित्यानंद सूरीश्वर महाराज को अध्यात्म के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Jan 2025 11:30 PM IST