मानवीय रुचि: न‍गर निकाय चुनाव में भाजपा लहराएगी जीत का परचम विष्णुदेव साय

न‍गर निकाय चुनाव में भाजपा लहराएगी जीत का परचम  विष्णुदेव साय
छत्तीसगढ़ नगर निकाय चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय धमतरी पहुंचे। उन्होंने पहले अंबेडकर चौक पर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

धमतरी, 9 फरवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ नगर निकाय चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय धमतरी पहुंचे। उन्होंने पहले अंबेडकर चौक पर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इसके बाद म्युनिसिपल स्कूल चौक से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महापौर और पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में एक विशाल रोड शो का आयोजन किया गया। रोड शो धमतरी के विभिन्न मार्गों से होते हुए विंध्यवासिनी मंदिर पर समाप्त हुआ, जहां मुख्यमंत्री ने मां विंध्यवासिनी की पूजा अर्चना की और धमतरी तथा पूरे प्रदेश की खुशहाली के लिए कामना की। इस रोड शो में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। रोड शो में जगह-जगह जनता की ओर से पुष्प वर्षा की गई।

मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि धमतरी में भाजपा की बड़ी जीत होगी। सरकार ने क्षेत्र में विकास कार्यों के माध्यम से जनता का विश्वास जीता है और यह विश्वास चुनाव में भाजपा पक्ष में नतीजे देगा। हमारी पार्टी की नीतियां और कार्यक्रम जनता के हित में हैं, इसीलिए मुझे पूरा भरोसा है कि यहां भाजपा की बड़ी जीत होगी। आज एक रोड शो का आयोजन किया गया और लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। सभी ने पुष्प वर्षा से हमारा स्वागत किया।

वहींं, बीजापुर में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जवानों के साहस को मैं सलाम करता हूं। भाजपा की सरकार नक्सलवाद के ख‍िलाफ मजबूती से लड़ रही है। हमारी सरकार का संकल्प 31 मार्च 2026 तक प्रदेश से नक्सलवाद को समाप्त करना है। पूरा देश जानता है कि जब से हम सत्ता में आए हैं, तब से हम नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ रहे हैं और इस प्रयास की देशभर में सराहना हो रही है। हम अपने जवानों के साहस को सलाम करते हैं, जो बहादुरी से नक्सलवाद से लड़ रहे हैं। बीजापुर में शहीद हुए दो जवानों को मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 Feb 2025 8:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story