राजनीति: 'लव जिहाद' कानून पर विपक्ष ने महाराष्ट्र सरकार को घेरा, जरूरी समस्याओं से ध्यान भटकाने का लगाया आरोप

लव जिहाद कानून पर विपक्ष ने महाराष्ट्र सरकार को घेरा, जरूरी समस्याओं से ध्यान भटकाने का लगाया आरोप
महाराष्ट्र सरकार के 'लव जिहाद' कानून का मसौदा तैयार करने के लिए समिति बनाए जाने पर विपक्ष हमलावर है। विपक्षी दलों के नेताओं ने सरकार पर लोगों का ध्यान मुख्य समस्याओं से भटकाने के लिए ऐसा कानून लाने का आरोप लगाया।

मुंबई, 15 फरवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र सरकार के 'लव जिहाद' कानून का मसौदा तैयार करने के लिए समिति बनाए जाने पर विपक्ष हमलावर है। विपक्षी दलों के नेताओं ने सरकार पर लोगों का ध्यान मुख्य समस्याओं से भटकाने के लिए ऐसा कानून लाने का आरोप लगाया।

'ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन' (एआईएमआईएम) के नेता वारिस पठान ने कहा, " 'लव जिहाद' जैसा कुछ भी नहीं है। कितने लोगों ने इंटर कास्ट मैरिज की है। वहीं, कई मुस्लिम लोगों ने गैर-मुस्लिमों के साथ शादी भी की है। यह सब कोई 'लव जिहाद' नहीं है। लोढ़ा जी लव जिहाद पर जो बोल रहे हैं, इससे पहले भी उन्होंने दावा किया था कि लव जिहाद के लाखों केस हैं। इसकी जांच हुई तो कुछ नहीं निकला। उनके ही मंत्री किशन रेड्डी ने लोकसभा में कहा है कि केंद्रीय जांच में लव जिहाद का कोई केस नहीं आया।"

उन्होंने कहा, "हर इंसान को अपने-अपने तरीके से धर्म की प्रैक्टिस करने की इजाजत है। किसी के साथ जबरदस्ती नहीं की जा सकती। अब क्या हमें किसी के साथ प्यार या शादी करनी है तो उसके लिए भाजपा से पूछना पड़ेगा? लोगों के मुख्य मुद्दे बेरोजगारी, महंगाई आदि से ध्यान भटकाने के लिए ऐसी चीजें लाई जाती हैं। एक रिसर्च से खुलासा हुआ है कि सबसे ज्यादा हेट स्पीच देने में भाजपा नंबर 1 पर है।"

समाजवादी पार्टी विधायक रईस शेख ने कहा, "मैं पहले यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि जबरन धर्मांतरण और मर्जी के बगैर शादी को लेकर मेरा खुद विरोध रहा है। जब आप कोई कानून बनाने जा रहे हैं तो वह सभी धर्म के लिए होना चाहिए, न कि किसी एक विशेष धर्म के लिए। आपके पास स्ट्रेटजी होनी चाहिए। इसे लव जिहाद जैसा नाम नहीं दिया जाना चाहिए। इसे आप फोर्सफुल कन्वर्जन लॉ कह सकते हैं। किसी भी धर्म को गलत तरीके से नहीं पेश करना चाहिए।"

कांग्रेस नेता चरण सिंह सापरा ने कहा, "महायुति की सरकार को जनता ने एकतरफा बहुमत दिया। जनता चाहती है कि सरकार अपने वादों पर काम शुरू करे। लेकिन सरकार 21वीं सदी में भी लव जिहाद जैसी बात करके महाराष्ट्र में ध्रुवीकरण करना चाहती है। सरकार को अपने घोषणा पत्रों के वादों को पूरा करने के लिए काम करना चाहिए, न कि ध्रुवीकरण का काम करना चाहिए।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Feb 2025 11:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story