राष्ट्रीय: पेंशन और आरक्षण की मांग पर झारखंड अलग राज्य के आंदोलकारियों ने जामताड़ा में किया प्रदर्शन

पेंशन और आरक्षण की मांग पर झारखंड अलग राज्य के आंदोलकारियों ने जामताड़ा में किया प्रदर्शन
झारखंड अलग राज्य के आंदोलनकारी अब अपने मान-सम्मान, आरक्षण, पेंशन जैसे मुद्दों को लेकर एक बार फिर आंदोलन की राह पर हैं। 'झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा' के बैनर तले आंदोलनकारियों के एक बड़े समूह ने रविवार को जामताड़ा के गांधी मैदान में अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।

जामताड़ा, 16 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड अलग राज्य के आंदोलनकारी अब अपने मान-सम्मान, आरक्षण, पेंशन जैसे मुद्दों को लेकर एक बार फिर आंदोलन की राह पर हैं। 'झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा' के बैनर तले आंदोलनकारियों के एक बड़े समूह ने रविवार को जामताड़ा के गांधी मैदान में अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने झारखंड की सरकार पर उनकी अनदेखी करने और चुनावों के वक्त किए गए वादों से मुकरने का आरोप लगाया। मोर्चा के प्रधान सचिव पुष्कर महतो ने कहा कि राज्य की मौजूदा सरकार ने आंदोलनकारियों को चिह्नित करने के बाद उन्हें पेंशन और उनके परिजनों को सरकारी नौकरियों में पांच प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने जैसे वादे किए थे, लेकिन सरकार अब वादाखिलाफी कर रही है।

महतो ने कहा कि राज्य में चुनिंदा आंदोलनकारियों को ही पेंशन का लाभ मिल रहा है, जबकि 50 हजार से ज्यादा झारखंड आंदोलनकारी सरकार के रिकॉर्ड में चिह्नित हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन ने खुद झारखंड अलग राज्य के आंदोलन की अगुवाई की है, लेकिन उनके पुत्र हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री रहते आंदोलनकारियों को हक नहीं मिलना खेदजनक है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार अगर हमारी मांगें नहीं मानती और झारखंड आंदोलनकारियों को उचित मान-सम्मान नहीं देती है तो राज्य भर के हजारों आंदोलनकारी 24 मार्च को झारखंड विधानसभा का घेराव करेंगे।

झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की जामताड़ा जिला इकाई के अध्यक्ष नारायण मंडल ने कहा, "हमने राज्य के लिए लंबी लड़ाई लड़ी, लेकिन जो उचित मान-सम्मान हमें मिलना था, वह सरकार के स्तर से नहीं मिल पा रहा है। यह अत्यंत दुख की बात है कि राज्य के लिए लंबी लड़ाई लड़ने वाले आंदोलनकारियों को अपने हक के लिए फिर से आंदोलन का रुख अख्तियार करना पड़ रहा है।"

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर वे जामताड़ा के उपायुक्त के माध्यम से सरकार को एक ज्ञापन सौंपेंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 March 2025 6:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story