अपराध: जौनपुर जिला कारागार में दो गुटों के बीच हिंसक संघर्ष, कई घायल

जौनपुर, 24 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां जेल के अंदर दो गुटों के बीच संघर्ष हुआ, जो बाद में गैंगवार में तब्दील हो गया। इस संघर्ष में दोनों गुटों के कैदी और जेल के पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं, जिनका इलाज जेल अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, जेल में बंद मंगेश यादव और सोनू सिंह गुट के बीच इस उपद्रव की शुरुआत हुई। इसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल के अधीक्षक और जेलर अजय कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर संघर्ष को शांत कराया। इस दौरान कैदियों और पुलिसकर्मियों को चोटें आईं, जिन्हें जेल अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने जेल का दौरा किया और कैदियों से वार्ता कर मामले की जानकारी ली। शासन और जेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसके साथ ही उपद्रवी कैदियों को अन्य जिलों की जेलों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जेल प्रशासन ने बताया कि इस संघर्ष के दौरान मंगेश यादव और सोनू सिंह के गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर हिंसा हुई, जिसमें दोनों गुटों के कैदी आपस में भिड़ गए। इस संघर्ष को शांत करने के लिए बल का भी प्रयोग करना पड़ा। इस उपद्रव में कई बंदी रक्षक भी घायल हुए हैं।
वहीं, उपद्रवी कैदियों को विभिन्न जेलों में ट्रांसफर किया गया है। मंगेश यादव और संगम यादव को केंद्रीय कारागार वाराणसी, शैलेंद्र प्रताप यादव और निशांत कुमार सिंह को केंद्रीय कारागार प्रयागराज, नीरज मोनू को जिला कारागार गाजीपुर और संदीप मौर्य को जिला कारागार सुल्तानपुर स्थानांतरित किया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 March 2025 6:50 PM IST