राजनीति: जामताड़ा के ऐतिहासिक मठ में स्थित श्रीरामकृष्ण परमहंस की प्रतिमा तोड़ी, संन्यासियों और भक्तों में रोष

जामताड़ा, 13 मई (आईएएनएस)। झारखंड के जामताड़ा स्थित प्रसिद्ध रामकृष्ण मठ में एक व्यक्ति ने श्रीरामकृष्ण परमहंस की प्रतिमा खंडित कर दी। इसे लेकर मठ के संन्यासियों, श्रीरामकृष्ण परमहंस के अनुयायियों और स्थानीय लोगों में रोष है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जामताड़ा के एसडीपीओ विकास लागुरी ने बताया कि प्रतिमा खंडित करने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए कई लोगों से जानकारी ली जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मंगलवार को घटना की खबर इलाके में फैली तो बड़ी संख्या में लोग मठ में जुट आए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों से लोगों ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पश्चिम बंगाल के आसनसोल और बेलूर स्थित श्रीरामकृष्ण मिशन और मठ के कई संन्यासी भी जामताड़ा पहुंचे हैं। इस दुखद घटना पर उन्होंने दुख व्यक्त किया है।
पुलिस को जानकारी मिली है कि जिस व्यक्ति ने प्रतिमा खंडित की है, उसका मठ में कभी-कभी आना-जाना था। मठ के संन्यासियों को उसके नाम-पता की जानकारी नहीं है। इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
जामताड़ा के उपायुक्त और आरक्षी अधीक्षक को भी घटना की जानकारी दी गई है।
स्थानीय लोगों ने इसे आस्था पर हमला बताते हुए प्रतिमा खंडित करने वाले व्यक्ति की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। जामताड़ा स्थित यह मठ 104 वर्ष पुराना है। इसकी स्थापना 1921 में की गई थी।
एक उदार हृदय भक्त ने मठ की स्थापना के लिए मिशन के तत्कालीन अध्यक्ष स्वामी ब्रह्मानंद जी को जमीन दानस्वरूप दी थी। स्वामी शिवानंद जी महाराज के मार्गदर्शन में मठ का निर्माण 1926 में पूरा हुआ था।
रामकृष्ण मिशन संस्था के अंतर्गत देश-विदेश में संचालित किए जाने वाले मठों में इसे अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। देश में बेलूर मठ के अलावा एकमात्र यही मठ है, जहां श्रीरामकृष्ण परमहंस की प्रतिमा स्थापित है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एबीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 May 2025 8:24 PM IST