राजनीति: सेना ने रचा शौर्य और पराक्रम का नया इतिहास सीएम मोहन यादव

सेना ने रचा शौर्य और पराक्रम का नया इतिहास  सीएम मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्तमान युग में एक नई शक्ति के रूप में उभर रहा है।

भोपाल, 17 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्तमान युग में एक नई शक्ति के रूप में उभर रहा है।

मुख्यमंत्री शनिवार को भोपाल जिले के बैरसिया में वीर सैनिकों के सम्मान में निकाली गई 'तिरंगा यात्रा' में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' से थल, वायु और नौसेना ने अद्वितीय साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। भारतीय सेना ने मात्र चार दिन के अल्प समय में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान ने दुनिया को भारत की सैन्य क्षमता, एकजुटता और आधुनिक तकनीकी सामर्थ्य का परिचय दिया है। आतंकवाद के मंसूबों को ध्वस्त किया गया है। आज कोई भी शक्ति भारत की प्रगति को रोक नहीं सकती। हम सभी इस तिरंगा यात्रा से भारतीय सेना को सम्मान देने के लिए एकत्र हुए हैं। यह तिरंगा यात्रा ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक निरंतर आयोजित की जा रही है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि हमारे शूरवीरों ने पाकिस्तान को आधी रात में ऐसा सबक सिखाया कि पाकिस्तान के साथ दुनिया के 200 देशों में से सिर्फ दो देश साथ आए, एक तुर्की और दूसरा अजरबैजान। अब देश की जनता तुर्की का बहिष्कार कर रही है और भविष्य में अजरबैजान के साथ भी ऐसा ही होगा।

मुख्यमंत्री ने 'तिरंगा यात्रा' मार्ग में उपस्थित जनसमूह का अभिवादन किया। पूरा बैरसिया देशभक्ति की भावना से सराबोर हो उठा। 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा। इस यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी आयु वर्ग के नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। हर धर्म, जाति और वर्ग के लोगों ने देश के प्रति अपनी निष्ठा और वीर जवानों के प्रति सम्मान प्रकट किया।

विधायक विष्णु खत्री ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकियों का खात्मा किया है। आज की यह विशाल तिरंगा यात्रा हमारे वीर सैनिकों के सम्मान में आयोजित की गई है। परमाणु शक्ति का डर दिखाने वाला पाकिस्तान चार दिनों में घुटनों पर आ गया। यह भारतीय सेना के पराक्रम और नेतृत्व का कमाल है।

सभा में अन्य वक्ताओं ने कहा कि देश और प्रदेश में आज मजबूत सरकारें हैं। जनता के कल्याण के सभी कदम उठाए गए हैं।

इस अवसर पर सांसद आलोक शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रामकुंवर नवरंग गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 May 2025 9:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story