राजनीति: रायगढ़ जिले को जल्द मिलेगा पालक मंत्री, महायुति में कोई विवाद नहीं चंद्रशेखर बावनकुले

रायगढ़ जिले को जल्द मिलेगा पालक मंत्री, महायुति में कोई विवाद नहीं  चंद्रशेखर बावनकुले
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के पालक मंत्री बनाए जाने को लेकर सियासी बयानबाजियों का दौर शुरू हो गया है। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और राज्य भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि जल्द ही इस मामले को सुलझा लिया जाएगा और इस जिले में पालक मंत्री की नियुक्ति की जाएगी।

मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के पालक मंत्री बनाए जाने को लेकर सियासी बयानबाजियों का दौर शुरू हो गया है। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और राज्य भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि जल्द ही इस मामले को सुलझा लिया जाएगा और इस जिले में पालक मंत्री की नियुक्ति की जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि महायुति (महागठबंधन) में तालमेल बनाए रखने की जिम्मेदारी भाजपा की सबसे अधिक है। मैं इस मामले में पहल कर रहा हूं। पार्टी के तौर पर हम पहल कर रहे हैं। महायुति में किसी भी परिस्थिति में कहीं कोई विवाद न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पालक मंत्री पद के मुद्दे को जल्द सुलझाने की बात कही है। मुझे उम्मीद है कि इस मामले को जल्द सुलझा लिया जाएगा।

बावनकुले ने आगे कहा कि सार्वजनिक रूप से विवाद बढ़ाने के बजाय बैठकर विवाद सुलझाए जा सकते हैं। सार्वजनिक रूप से आलोचना करने की जरूरत नहीं है। मैं किसी भी पार्टी को सलाह देना उचित नहीं समझता। सड़कों पर जो विवाद होते हैं, उससे बचना चाहिए और बातचीत के जरिए मुद्दों को सुलझाना बेहतर होता है।

महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा की 1.5 करोड़ सदस्यता हो चुकी है। संगठन पर्व पूरा हुआ है। अब अगर कल ही चुनाव की घोषणा हो जाए, तो भाजपा और महायुति तैयार है। लेकिन, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मुताबिक अक्टूबर तक चुनाव कराए जाने चाहिए। इसके लिए जो भी संसाधन चाहिए, वह राज्य सरकार को चुनाव आयोग की ओर से उपलब्ध कराया जाना चाहिए। विकास हमारी सरकार की प्राथमिकता है। जो पद खाली हैं, उन्हें जल्द भरा जाएगा। हमें भरोसा है कि महायुति महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनाव में बड़ी जीत हासिल करेगी।

उन्होंने अपने विभाग के कामों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में हमारी सरकार तमाम बड़े फैसले लेने वाली है। राजस्व विभाग में भी तमाम बड़े फैसले होने हैं। अब राजस्व विभाग में कामकाज शुरू हो गया है। जिलाधिकारियों को जो काम करना पड़ता है, वह राजस्व विभाग करेगा। राजस्व विभाग को और आधुनिक और लोकाभिमुख बनाने के लिए सुधार किए जाएंगे। हमारी सरकार जनता की सेवा के लिए समर्पित है और हमारा लक्ष्य प्रदेश का चहुंमुखी विकास है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता को मिले, इस दिशा में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है।

महाराष्ट्र गोसेवा आयोग ने 3 जून से 8 जून तक पशु बाजार बंद रखने का निर्देश जारी किया है, जिसका चंद्रशेखर बावनकुले ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि पांच दिनों तक पशु बाजार बंद रखने से बकरीद के दौरान गायों का वध रोका जा सकेगा। अगर बाजार पांच दिनों तक बंद रहे, तो बकरीद के दौरान गायों का वध नहीं किया जाएगा। गौशाला आयोग ने अच्छा फैसला किया है और बाजार बंद रहना चाहिए। यह सिर्फ पांच दिनों की बात है और इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Jun 2025 6:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story