- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 10 म्यूरल , हरेक में दिखेगी...
Nagpur News: 10 म्यूरल , हरेक में दिखेगी लोकतंत्र की संपूर्ण तस्वीर, सीजेआई गवई करेंगे लोकार्पण

- देश का पहला संविधान प्रस्तावना पार्क तैयार
- लॉ कॉलेज मना रहा है शताब्दी वर्ष
Nagpur News राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के अमरावती रोड स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर लॉ कॉलेज परिसर में देश का पहला संविधान प्रस्तावना पार्क बनाया गया है। इसका लोकार्पण सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) भूषण गवई करेंगे। नागपुर विश्वविद्यालय का हाल ही में शताब्दी वर्ष महोत्सव मनाया गया। अब डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर लॉ कॉलेज का इसी वर्ष शताब्दी महोत्सव मनाया जा रहा है। ऐसे स्वर्णिम योग में विदर्भ के सुपुत्र सीजेआई गवई के हाथों संविधान प्रस्तावना पार्क का लोकार्पण निश्चित ही अविस्मरणीय और ऐतिहासिक होगा।
28 जून को होगा लोकार्पण : इस संविधान प्रस्तावना पार्क का लोकार्पण 28 जून होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी प्रमुखता से उपस्थित रहेेंगे।
मिलेगी प्रेरणा : डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर लॉ कॉलेज के प्राचार्य रविशंकर मोर ने कहा कि लॉ कॉलेज परिसर में संविधान प्रस्तावना पार्क के निर्माण का उद्देश्य पूरा हो रहा है। इस ऐतिहासिक घटना के हम साक्षी बन रहे हैं, इसकी हमें काफी खुशी है। उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि इस संविधान प्रस्तावना पार्क को भेंट देने लोगों को संविधान के मूल्यों की रक्षा करने की प्रेरणा मिलेगी।
संविधान प्रस्तावना के 10 मूल्यों के म्यूरल : संविधान प्रस्तावना पार्क के बीच में हाथ में संविधान लेकर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा लगाई गई है। साथ ही, इसमें संप्रभुता, समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र, गणतंत्र, सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय, राजनीतिक न्याय, स्वतंत्रता और समानता यह संविधान प्रस्तावना में दिए गए 10 मूल्यों के म्यूरल लगाए गए हैं।
लोकतंत्र के मुख्य स्तंभों की प्रतिकृति : संविधान प्रस्तावना पार्क में लोकतंत्र के मुख्य स्तंभों यानी राष्ट्रपति भवन, संसद भवन और सर्वोच्च न्यायालय की प्रतिकृति मॉडल भी बनाए गए हैं। इसके अलावा संविधान पार्क में जाने के लिए एक भव्य प्रवेश द्वार भी बनाया गया है।
Created On :   4 Jun 2025 3:05 PM IST