दुर्घटना: आगरा यमुना नदी में डूबी छह लड़कियां, मृतका के पिता का दावा- तीन की मौत

आगरा, 3 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के आगरा में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां यमुना नदी में नहाते समय छह लड़कियां डूब गईं। पता चला है कि नदी में डूबने वाली सभी लड़कियां नाबालिग हैं।
मामला आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि लड़कियां नदी में नहाने गई थीं और इसी दौरान उनमें से छह लड़कियां डूब गईं। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद अन्य लोगों ने लड़कियों के डूबने की जानकारी पुलिस और परिवार को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने लड़कियों के शवों को नदी से बरामद किया।
मृतका के पिता सुंदर ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि परिवार की सभी लड़कियां यमुना नदी में नहाने गई थीं, जिनमें छह लड़कियां डूब गईं। मृतका में एक मेरी बेटी है, इसके अलावा कुछ अन्य लड़कियां भी हैं। अब तक तीन की मौत हुई है और तीन का अस्पताल में इलाज चल रहा है। नदी में डूबने वाली सभी लड़कियां नाबालिग हैं।
फिलहाल इस हादसे के बाद मौके पर आला अधिकारी भी पहुंच गए हैं। हालांकि, अब तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। साथ ही मरने वाली लड़कियों की संख्या का भी खुलासा नहीं किया गया है।
इस घटना के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसर गया है और आसपास के लोग उनके घरों पर पहुंच रहे हैं।
इससे पहले, 13 मई को उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र में रामगंगा नदी में भी एक बड़ा हादसा हुआ था। नदी पार फसल देखने गए एक ही परिवार के सात लोग नदी की तेज धारा में अचानक बह गए थे। तब स्थानीय लोगों की मदद से चार लोगों को बचा लिया गया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Jun 2025 4:09 PM IST