राजनीति: राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को बस बदनाम करने की ठान ली है राधाकृष्ण विखे पाटिल

मुंबई, 8 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने राहुल गांधी के 'मैच फिक्सिंग' वाले बयान की निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता को चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, नीतियों पर विश्वास नहीं है। उन्होंने बस चुनाव आयोग को बदनाम करने की ठान ली है।
रविवार को मीडिया से बातचीत करने के दौरान भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी ने एक आर्टिकल लिखकर चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए। उनके लेख का जवाब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी अपने आर्टिकल से दिया है।
दरअसल, देवेंद्र फडणवीस ने एक आर्टिकल के माध्यम से राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में हुई पराजय राहुल गांधी को कितनी गहराई से चुभी है, इसका मुझे भलीभांति एहसास है। लेकिन अगर आप लगातार किसानों, हमारी प्यारी बहनों, और आम जनता के जनादेश का अपमान करते रहेंगे, तो जनता आपको कभी माफ नहीं करेगी।
एक सवाल के जवाब में भाजपा नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कहा कि राहुल गांधी को यह पता नहीं है कि देश में क्या चल रहा है। वह जब विदेश जाते हैं तो भारत की बदनामी करते हैं। देश आते हैं तो यहां चुनाव आयोग पर सवाल खड़े करते हैं। अखबारों में आर्टिकल के माध्यम से महाराष्ट्र के लोगों को गुमराह करने का प्रयास करते हैं। लोगों को गुमराह करना उनका फैशन बन गया है। राहुल गांधी ने आर्टिकल के माध्यम से जनता के जनादेश का अपमान किया है। महाराष्ट्र में कांग्रेस की स्थिति काफी खराब है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अब समझना चाहिए कि वे चुनाव हार चुके हैं और ऐसे बयानों को देने से पहले आत्ममंथन कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की जो नीति है, उसे राहुल गांधी समझ नहीं पाए हैं। उन्हें लोकतंत्र पसंद ही नहीं है, उन्हें बस विदेश में भारत की बदनामी करनी है। अच्छा होगा कि वे देश में रहें और भारत की वर्तमान स्थिति को समझें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Jun 2025 1:21 PM IST