अपराध: रांची में कोयला कारोबारी की गोली लगने से मौत, शव के पास मिला हथियार

रांची में कोयला कारोबारी की गोली लगने से मौत, शव के पास मिला हथियार
रांची के चर्चित कोयला कारोबारी मनीष धानुका की रविवार शाम गोली लगने से मौत हो गई। उनका शव उनके आवास पर एक कमरे में पाया गया है। शव के पास उनका लाइसेंसी हथियार भी मिला है। मनीष ने जान-बूझकर खुद को गोली मारी या फिर गलती से गोली लगने से उनकी मौत हुई, इसकी जांच की जा रही है।

रांची, 6 जून (आईएएनएस)। रांची के चर्चित कोयला कारोबारी मनीष धानुका की रविवार शाम गोली लगने से मौत हो गई। उनका शव उनके आवास पर एक कमरे में पाया गया है। शव के पास उनका लाइसेंसी हथियार भी मिला है। मनीष ने जान-बूझकर खुद को गोली मारी या फिर गलती से गोली लगने से उनकी मौत हुई, इसकी जांच की जा रही है।

मनीष रांची शहर के गाड़ीखाना इलाके में रहते थे। गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर कोतवाली इलाके के डीएसपी प्रकाश सोय और थाना प्रभारी आदिकांत महतो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम भी जांच के लिए बुलाई गई है।

पुलिस के अनुसार, क्राइम सीन की बारीकी से जांच की जा रही है। जिस हथियार से गोली लगी है, उसकी भी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सभी पहलुओं पर जांच के बाद ही इस संबंध में कुछ कह पाना संभव होगा। घर-परिवार के लोग घटना के बाद सदमे में हैं। स्थिति सामान्य होने पर पुलिस उनसे घटना के बारे में जानकारी लेगी।

इस घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में शहर के व्यापारी और उनके परिचित आवास पर पहुंचे। हंसमुख स्वभाव वाले मनीष की उम्र करीब 40-45 वर्ष थी। उनकी मौत की खबर से उन्हें जानने वाले तमाम लोग चौंक गए हैं।

मनीष शहर के सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों से सक्रिय रूप से जुड़े थे। रांची में जूनियर चैंबर की ओर से हर साल आयोजित किए जाने वाले शहर के सबसे बड़े औद्योगिक और व्यापारिक मेले “एक्सपो” की आयोजन समिति से भी वह लंबे समय तक जुड़े रहे थे। कई अन्य संस्थाओं में भागीदारी के कारण उनका सामाजिक दायरा बड़ा था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 Jun 2025 8:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story