राजनीति: 'मोदी है तो मुमकिन है', केवल नारा नहीं, जमीनी सच्चाई है रेखा शर्मा

यमुनानगर, 12 जून (आईएएनएस)। मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर यमुनानगर स्थित भाजपा कार्यालय 'यमुना कमल' में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र सरकार की बीते 11 वर्षों की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया और सरकार की नीतियों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
रेखा शर्मा ने कहा कि बीते 11 वर्षों में भारत ने बुनियादी ढांचे, सामाजिक बदलाव, आर्थिक सुधार और वैश्विक मंचों पर पहचान के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने इसे केवल विकास की कहानी नहीं, बल्कि विश्वास और परिवर्तन की भी प्रेरणादायक यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में भारत ने आत्मनिर्भरता, नवाचार, सुरक्षा और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में ठोस और निर्णायक कदम उठाए हैं। 'मोदी है तो मुमकिन है', केवल नारा नहीं है, यह एक जमीनी सच्चाई है।
रेखा शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सम्मान, सुरक्षा और समान भागीदारी के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। राज्यसभा सांसद ने उदाहरण देते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को रसोई के धुएं से मुक्ति मिली और उन्हें एक गरिमापूर्ण जीवन जीने का अवसर प्राप्त हुआ। जन धन योजना के तहत लाखों महिलाओं को पहली बार बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा गया, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकीं।
उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की सफलता का भी उल्लेख किया, जिसने समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाया और महिला शिक्षा को एक नई दिशा दी। रेखा शर्मा ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी को बढ़ावा मिला। साथ ही, कार्यरत महिलाओं के लिए मातृत्व अवकाश को 12 से बढ़ाकर 26 सप्ताह करने को एक ऐतिहासिक और संवेदनशील निर्णय बताया, जिसने महिला अधिकारों और पारिवारिक गरिमा को नई पहचान दी।
रेखा शर्मा ने यह भी कहा कि मोदी सरकार के ये 11 वर्ष केवल योजनाओं और घोषणाओं के नहीं, बल्कि जमीनी बदलाव की यात्रा के प्रतीक हैं। गांव से शहर, किसान से युवा और महिलाओं से वंचित वर्ग, हर किसी की आकांक्षाओं को इन वर्षों में सम्मान और दिशा मिली है। उन्होंने आतंकवाद और भ्रष्टाचार पर हुए निर्णायक प्रहारों के साथ-साथ भारत की वैश्विक साख में वृद्धि को भी उल्लेखनीय उपलब्धियों में गिना।
हरियाणा की प्रगति पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य को बीते वर्षों में विशेष प्राथमिकता दी गई है। एम्स और मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थानों की स्थापना, राष्ट्रीय राजमार्गों और रेल संपर्क का विस्तार, किसानों और उद्यमियों के लिए लाभकारी नीतियां, हरियाणा के हर जिले में दिखाई देने वाली उपलब्धियां हैं। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वह इस सेवा, सुशासन और परिवर्तन की यात्रा में सहभागी बनें और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में भाजपा यमुनानगर जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व विधायक बलवंत, पूर्व विधायक ईश्वर सिंह पलका, जिला परिषद चेयरमैन रमेश चंद, यमुनानगर महापौर सुमन बहमनी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Jun 2025 8:51 PM IST