राष्ट्रीय: देश ने एक संस्कारी नेता खो दिया, विजय रुपाणी के निधन पर बोलीं सुप्रिया सुले

पुणे, 12 जून (आईएएनएस)। अहमदाबाद विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का निधन हो गया है। विजय रुपाणी के निधन पर प्रतिक्रिया देते हुए सुप्रिया सुले ने कहा कि भारत ने एक बहुत अच्छे और संस्कारी नेता को खो दिया।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, "विजय रुपाणी और मेरे पारिवारिक संबंध रहे हैं। मैं जब राज्यसभा गई थी उस समय वह भी राज्यसभा के सदस्य थे। उसके बाद वे गुजरात के मुख्यमंत्री बने। मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि अब विजय रुपाणी नहीं रहे। भारत ने एक बहुत अच्छे और संस्कारी नेता को खो दिया है।"
68 साल के विजय रुपाणी 7 अगस्त 2016 से 11 सितंबर 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे थे। वह एक सफल राजनेता थे। गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के अलावा वह गुजरात भाजपा अध्यक्ष, 2006 से 2012 तक राज्यसभा सदस्य, 2014 से 2022 तक गुजरात विधानसभा के सदस्य, 2014 से 2016 के बीच गुजरात सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे थे।
विमान हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए सुप्रिया सुले ने कहा, "अहमदाबाद विमान हादसा बहुत दुखद है। मैं सभी को श्रद्धांजली अर्पित करती हूं। भगवान से उन परिवारों को सामर्थ्य देने की प्रार्थना करती हूं, जिन्होंने हादसे में अपनों को खो दिया। हम उन्हें वापस नहीं ला सकते, लेकिन उनके दुख में शामिल हो सकते हैं।"
सुले ने कहा,"हमने लगभग ढाई सौ लोगों को खोया है। वो प्लेन एक शैक्षणिक संस्थान पर गिरा, वहां भी कई लोगों को क्षति पहुंची है। कल सुबह तक मामले से जुड़ी तमाम जानकारी सामने आ जाएगी। मैं इस घटना की जांच की मांग करती हूं।"
गुरुवार को अहमदाबाद से 242 यात्रियों को लंदन ले जा रहा एयर इंडिया का विमान टेक ऑफ करने के कुछ देर बाद क्रैश हो गया। गुजरात सरकार, एयर इंडिया और सिविल एविएशन मंत्रालय के द्वारा राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
