मानवीय रुचि: गुजरात पूर्व सीएम विजय रूपाणी के निधन पर राजकीय शोक, विधानसभा में आधा झुकाया गया तिरंगा

गांधीनगर, 16 जून (आईएएनएस)। गुजरात में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन पर राजकीय शोक की घोषणा की गई है। सोमवार को राज्य की अहम इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुकाया गया। गुजरात विधानसभा, स्वर्णिम कॉम्प्लेक्स 1, गांधीनगर (चौक-0) में तिरंगा आधा झुकाकर फहराया गया। विजय रूपाणी का सोमवार शाम राजकोट में अंतिम संस्कार होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री विजय उसी एयर इंडिया फ्लाइट में थे, जो 12 जून को दुर्घटनाग्रस्त हुई। इसमें चालक दल समेत 241 यात्रियों की जान चली गई। 15 जून को सुबह 11 बजे के करीब विजय रूपाणी के डीएनए सैंपल का मिलान हुआ था। राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने जानकारी दी कि रविवार सुबह करीब 11:10 बजे उनका डीएनए मैच हो गया।
बाद में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह मंत्री हर्ष संघवी ने विजय रूपाणी का डीएनए मिलान की जानकारी उनके परिजनों से साझा की थी। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने मीडिया को बताया, "सीएम भूपेंद्र पटेल पूर्व सीएम विजय रूपाणी के आवास पर गए और परिवार को बताया कि डीएनए मिलान हो गया है। मुख्यमंत्री ने परिवार को ये भी बताया कि राजकोट में अंतिम संस्कार संपन्न कराने में सरकार उनका सहयोग करेगी।"
विधायक रीटा पटेल ने कहा, "विजय रूपाणी के परिजन तीन दिन से इंतजार कर रहे थे, डीएनए मिलान के बाद उन्हें संतोष मिला।" रीटा पटेल ने बताया कि विजय रूपाणी के पार्थिव शरीर को राजकोट ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार होगा। राज्यभर के कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि देने आएंगे।
राजकोट में अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही हैं। राजकोट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, सुबह लगभग 11:30 बजे अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में पूर्व मुख्यमंत्री का पार्थिव शरीर उनके परिवार को सौंप दिया जाएगा। उसके बाद हवाई मार्ग से पार्थिव शरीर राजकोट लाया जाएगा। शाम को अंतिम यात्रा से पहले विजय रूपाणी के पार्थिव शरीर को करीब एक घंटे तक उनके घर पर रखा जाएगा। शाम 5 बजे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Jun 2025 10:50 AM IST