अपराध: सोनीपत हरियाणा की मॉडल शीतल का शव नहर में मिला, बहन ने दर्ज करवाई थी गुमशुदगी की शिकायत

सोनीपत  हरियाणा की मॉडल शीतल का शव नहर में मिला, बहन ने दर्ज करवाई थी गुमशुदगी की शिकायत
हरियाणा के सोनीपत में उस समय हड़कंप मच गया, जब खांडा गांव के पास रिलायंस नहर से एक युवती का शव बरामद किया गया। युवती की पहचान पानीपत की रहने वाली शीतल के रूप में हुई है, जो हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में बतौर मॉडल काम करती थी।

सोनीपत, 16 जून (आईएएनएस)। हरियाणा के सोनीपत में उस समय हड़कंप मच गया, जब खांडा गांव के पास रिलायंस नहर से एक युवती का शव बरामद किया गया। युवती की पहचान पानीपत की रहने वाली शीतल के रूप में हुई है, जो हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में बतौर मॉडल काम करती थी।

जानकारी के अनुसार, पानीपत के खलीला माजरा की रहने वाली शीतल की बहन ने रविवार को पानीपत के मतलौड़ा थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस ने शीतल की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को रिलायंस नहर में एक शव के होने की जानकारी मिली। पुलिस ने सोनीपत के खरखोदा थाना क्षेत्र में स्थित रिलायंस नहर से युवती का शव बरामद किया।

इस मामले की जानकारी देते हुए एसीपी अजीत सिंह ने बताया, "रविवार को हमारे थाने में एक गुमशुदगी की रिपोर्ट आई थी, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। अब लड़की का शव मिला है। उसी रात एक कार नहर में गिर गई थी। यह गाड़ी इसराना के सुनील नाम के लड़के की थी। इसे एक लड़का चला रहा था और वह तैरकर भागने में कामयाब रहा। अब पता चला है कि लड़की भी उसी कार में थी और लड़का उसे अपने साथ ले गया था। ऐसा हो सकता है कि उसी लड़के ने उसकी हत्या की हो।"

उन्होंने कहा, "लड़की के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं और इसलिए हत्या की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ साफ हो पाएगा।"

एसीपी अजीत सिंह ने यह भी बताया, "इस मामले में पुलिस की तरफ से एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जल्द ही लड़के को भी गिरफ्तार किया जाएगा। शुरुआती जांच में पता चला है कि लड़की और लड़का दोनों रिलेशनशिप में थे।"

बता दें कि शीतल पानीपत की सतकरतार कॉलोनी में अपनी बहन नेहा के साथ रह रही थी। शीतल के गले पर तेज धार हथियार के निशान मिले हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 Jun 2025 3:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story