आरोप: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का बड़ा दावा, यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध को लेकर ओबामा-ट्रूडो पर फोड़ा ठीकरा, कहा- G-8 में शामिल होते तो युद्ध नहीं होता

- अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का बड़ा दावा
- G-8 में रूस होता तो नहीं होता युद्ध- ट्रंप
- यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध को लेकर ओबामा-ट्रूडो पर फोड़ा ठीकरा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने G-7 समिट से पहले सनसनीखेज बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि अगर रूस को G-8 से बाहर नहीं किया गया होता तो रूस-यूक्रेन युद्ध नहीं होता। ट्रंप ने इसके लिए पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को जिम्मेदार ठहराया।
G-8 से रूस को निकालना थी भूल- ट्रंप
ट्रंप ने कहा, "रूस को G-8 से बाहर करना बड़ी गलती थी। ओबामा और ट्रूडो नहीं चाहते थे कि रूस G-8 में रहे, क्योंकि उसने क्रीमिया पर कब्जा किया था। लेकिन मुझे लगता है, अगर रूस G-8 में होता तो यह युद्ध नहीं होता।" ट्रंप ने दावा किया कि अगर वे उस समय राष्ट्रपति होते तो यह युद्ध टाला जा सकता था।
2014 में रूस को G-8 से निकाला गया
जून 2014 में क्रीमिया पर कब्जे के बाद रूस को G-8 से बाहर कर दिया गया था। उस समय अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली और जापान के नेताओं ने रूस के साथ बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया था।
पुतिन का हुआ अपमान- ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि G-8 से निकाले जाने से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का बहुत अपमान हुआ। उन्होंने दावा किया कि इस अपमान के कारण पुतिन G-7 के अन्य नेताओं से बात नहीं करते। ट्रंप ने कहा, "पुतिन सिर्फ मुझसे बात करते हैं। G-7 पहले G-8 था, रूस को वापस शामिल करना चाहिए। बिना रूस के ये बैठकें बेमानी हैं।"
G-7 समिट में रूस-यूक्रेन युद्ध पर होगी चर्चा
कनाडा के कनानास्किस रिसॉर्ट में होने वाली G-7 समिट में ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, अमेरिका और यूरोपीय यूनियन के नेता शामिल होंगे। इस बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध के अलावा इजरायल-ईरान और इजरायल-हमास मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
Created On :   17 Jun 2025 12:15 AM IST