आपदा: झारखंड में भारी बारिश से जनजीवन बेहाल, हजारीबाग में मकान गिरने से दंपती की मौत, पलामू में दो बच्चे नदी में बहे

रांची, 23 जून (आईएएनएस)। झारखंड के कई इलाकों में हो रही लगातार भारी बारिश से जनजीवन बेहाल हो गया है।
रांची, रामगढ़, लातेहार, जमशेदपुर, हजारीबाग, बोकारो, गिरिडीह सहित कई शहरों में सड़कों पर पानी का जमाव हो गया है। इन शहरों के निचले इलाकों के कई घरों में भी पानी घुस गया है। नदियों, जलाशयों और झरनों में लोगों के डूबने-बहने और घरों के गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
हजारीबाग के बरही थाना क्षेत्र में रसोईया धमना बाराटोला गांव में बारिश के बीच रविवार की देर रात को एक जर्जर मकान की छत गिर गई, जिसके मलबे में दबकर हबीब अंसारी और उनकी पत्नी जुमेरा खातून की मौत हो गई। दोनों की उम्र लगभग 50 वर्ष थी। लोगों को हादसे की जानकारी सोमवार को हुई। इसके बाद मलबे में दबे दंपती को ग्रामीणों ने बाहर निकाला।
पलामू जिले के पांकी थाना अंतर्गत उक्सू गांव निवासी 12 वर्षीय राकेश कुमार अमानत नदी में नहाने के दौरान बह गया। उसका शव सोमवार को बरामद किया गया। इसी थाना क्षेत्र के बसरिया गांव में 14 वर्षीय समीर अंसारी नहाने के दौरान अमानत नदी में डूब गया। उसकी तलाश जारी है। इसके पहले शनिवार की शाम पलामू शहर के बड़काबांध में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई थी।
बोकारो जिले के चंद्रपुरा प्रखंड में जमुनिया नदी पर नवनिर्मित पुल का एक हिस्सा और गार्डवाल बारिश की धार में बह गया। इस नवनिर्मित पुल का उद्घाटन तक नहीं हुआ था। खूंटी जिले में स्थित पंचघाघ जलप्रपात में जलस्तर अत्यधिक बढ़ जाने के कारण प्रशासन ने यहां जाने वाले रास्ते को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। यह कदम सुरक्षा के मद्देनजर उठाया गया है।
मौसम विभाग की ओर से राज्य भर में वर्षा की स्थिति को लेकर जारी रिपोर्ट के अनुसार, पूरे राज्य में अब तक सामान्य से 102 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। रांची में सबसे ज्यादा सामान्य से 265 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। इसी तरह लातेहार में सामान्य की तुलना में 241 प्रतिशत, लोहरदगा में 190, सरायकेला-खरसावां में 172 और पलामू में 156 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है।
राज्य के 24 जिलों में से केवल देवघर, गोड्डा और पाकुड़ जिले में सामान्य की तुलना में 12 से 19 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 Jun 2025 4:05 PM IST