राजनीति: आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की हत्या के लिए कांग्रेस जिम्मेदार अन्नपूर्णा देवी

सरायकेला, 26 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री और कोडरमा से सांसद अन्नपूर्णा देवी ने गुरुवार को सरायकेला के अपने दौरे के दौरान कांग्रेस और झारखंड की सत्तारूढ़ सरकार पर जमकर हमला बोला। आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचीं केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया और झारखंड सरकार को भ्रष्टाचार और अराजकता के लिए जिम्मेदार ठहराया।
कार्यक्रम के दौरान अन्नपूर्णा देवी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर संविधान की हत्या का आरोप लगाते हैं, उन्हें आपातकाल के काले दौर को याद करना चाहिए। 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने पूरे देश को जेल में तब्दील कर दिया था। असल मायने में लोकतंत्र की हत्या उसी दौरान हुई थी।”
उन्होंने युवा पीढ़ी से अपील की कि वे आपातकाल के उस दौर को समझें, जब नागरिकों के अधिकारों को कुचल दिया गया था। इतिहास की सच्चाई को जानना आज के समय में बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी गलतियां दोहराई न जाएं।
अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी निशाना साधा और इसे हर मोर्चे पर विफल करार दिया। उन्होंने कहा, “राज्य में भय और भ्रष्टाचार का माहौल व्याप्त है। सरकारी कार्यालयों से लेकर मंत्रालय तक भ्रष्टाचार की गंगा बह रही है। झारखंड में न तो महिलाएं सुरक्षित हैं और न ही बेटियां। राज्य सरकार की मैया सम्मान योजना केवल चुनावी जुमला है। यह योजना केवल जनता को गुमराह करने का एक हथकंडा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां और कार्यप्रणाली जनता के हित में नहीं हैं, बल्कि केवल सत्ता को बनाए रखने के लिए बनाई गई हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर अग्रसर है। केंद्र सरकार की योजनाएं, जैसे उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि, देश के हर वर्ग तक पहुंच रही हैं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का काम कर रही हैं। इसके उलट झारखंड सरकार विकास कार्यों को लेकर उदासीनता और जनता की समस्याओं के प्रति असंवेदनशील रवैया अपनाए हुए है। बीजेपी एकमात्र ऐसी पार्टी है जो देश और जनता के हित में काम करती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Jun 2025 9:48 PM IST