अपराध: झारखंड के लोहरदगा में एक परिवार की बुजुर्ग महिला और 17 वर्षीय लड़के की हत्या

झारखंड के लोहरदगा में एक परिवार की बुजुर्ग महिला और 17 वर्षीय लड़के की हत्या
झारखंड के लोहरदगा शहर में शुक्रवार को दोहरे हत्याकांड की वारदात सामने आई। घर में सोई एक बुजुर्ग महिला और उनके 17 वर्षीय पोते की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी।

रांची, 27 जून (आईएएनएस)। झारखंड के लोहरदगा शहर में शुक्रवार को दोहरे हत्याकांड की वारदात सामने आई। घर में सोई एक बुजुर्ग महिला और उनके 17 वर्षीय पोते की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेजा गया है।

वारदात शहर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत भक्सो डूमर टोली की है। बताया गया कि शुक्रवार सुबह विनोद उरांव की मां 60 वर्षीय बरिया उरांव (दादी) और उनके पुत्र रितेश उरांव अलग-अलग कमरे में मृत पाए गए। रितेश उरांव की हत्या किसी धारदार हथियार से और बुजुर्ग महिला की हत्या गला दबाकर की गई है।

घरवालों के अनुसार, दोनों अलग-अलग कमरे में सोए थे और उनकी हत्या गुरुवार रात में की गई है। सबसे हैरत की बात यह है कि घर के दूसरे कमरों में परिवार के अन्य लोग सो रहे थे, लेकिन उन्हें रात में इसके बारे में कुछ पता नहीं चला। सुबह उठने पर दोनों के शवों को देखते ही घर-परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर और पुलिस के अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर वारदात की तहकीकात की। हत्या के पीछे कौन लोग हैं और इसकी वजह क्या है, यह पता नहीं चल पाया है।

हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद नहीं हुआ है। वारदात की जानकारी पूरे शहर में तेजी से फैली और मौके पर भारी भीड़ लग गई। पुलिस ने कई स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की।

लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया है कि तहकीकात में हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। हमारी कोशिश है कि जल्द से जल्द इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा हो और हत्यारों को गिरफ्तार किया जाए।

--आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 Jun 2025 4:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story