राजनीति: जगन्नाथ रथयात्रा पूरे विश्व के लिए एक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक उत्सव धर्मेंद्र प्रधान

पुरी, 27 जून (आईएएनएस)। ओडिशा के पुरी की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा के अवसर पर शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ बड़े भाई बलभद्र, बहन सुभद्रा के साथ भक्तों को आशीर्वाद देने के लिए भव्य रथों पर सवार होकर निकले। इस पावन अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भगवान जगन्नाथ की महिमा का गुणगान करते हुए अच्छी व्यवस्था के लिए ओडिशा सरकार, प्रशासन और पुलिस बल की जमकर सराहना की।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, "भगवान जगन्नाथ बड़े उत्साह के साथ अपने भक्तों के बीच पहुंचे हैं। उनके साथ उनके बड़े भाई बलभद्र, बहन सुभद्रा और सुदर्शन भी भक्तों को आशीर्वाद देने के लिए निकले हैं। यह रथ यात्रा न केवल ओडिशा, बल्कि पूरे विश्व के लिए एक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक उत्सव है।"
उन्होंने इस वर्ष की व्यवस्थाओं को असाधारण बताते हुए कहा कि ओडिशा सरकार, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, धर्मस्व मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, राज्य प्रशासन, मंदिर प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस बल ने इस आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सराहनीय कार्य किया है।
इस वर्ष रथ यात्रा की व्यवस्थाओं में तकनीक का उपयोग एक विशेष आकर्षण का केंद्र है। धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि पहली बार ओडिशा पुलिस ने उन्नत तकनीक का उपयोग करते हुए एक मेगा कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जिसने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को कुशलतापूर्वक संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह तकनीकी नवाचार रथ यात्रा को और अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में सहायक सिद्ध हुआ है। उन्होंने इस प्रकार के प्रबंधन के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।
केंद्रीय मंत्री ने भक्तों की भावनाओं को संबोधित करते हुए कहा, "कभी-कभी लोग निराश हो जाते हैं जब वे इस पवित्र आयोजन में शामिल होने के लिए पुरी नहीं पहुंच पाते। लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि कोई भी व्यक्ति संयोग से यहां नहीं आता। भगवान जगन्नाथ जब चाहते हैं, अपने भक्तों को अपने दर्शन के लिए बुलाते हैं। वे यह सुनिश्चित करते हैं कि प्रत्येक भक्त को उनके दर्शन का सौभाग्य नियत समय पर प्राप्त हो।"
उन्होंने भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना की कि वे पूरी मानवता को आशीर्वाद दें। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की गरिमा बरकरार रहे, हमारे सैनिकों का मनोबल ऊंचा रहे और हमारा ओडिशा प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Jun 2025 9:47 PM IST