राजनीति: कांग्रेस ने सत्ता और कुर्सी की भूख में संविधान को किया दरकिनार ब्रजेश पाठक

प्रयागराज, 27 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को प्रयागराज में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया, और समाजवादी पार्टी को कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बताया।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सत्ता और कुर्सी की भूख में संविधान को दरकिनार किया। उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने लोकतंत्र का गला घोंटा, जिसे देश की जनता कभी नहीं भूल सकती।
उन्होंने सपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब उत्तर प्रदेश में उसकी सरकार थी, तब हत्या, लूट, डकैती और बलात्कार की घटनाएं आम थीं। सपा ने हमेशा संविधान और कानून को कमजोर करने का काम किया। पाठक ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि इमरजेंसी के समय लोकनायक जयप्रकाश नारायण कांग्रेस के खिलाफ थे, लेकिन आज सत्ता के लालच में अखिलेश चुप हैं।
आगामी 11 जुलाई से शुरू होने वाली कावड़ यात्रा को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि योगी सरकार लोगों की धार्मिक भावनाओं का पूरा सम्मान करती है। कावड़ यात्रा मार्गों पर खुले में मांस की बिक्री या ऐसी गतिविधियां जो भावनाओं को ठेस पहुंचाएं, बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। सरकार कांवड़ियों की सुविधाओं और सुरक्षा के लिए कार्ययोजना तैयार कर रही है, ताकि यात्रा सुगम और शांतिपूर्ण हो।
इटावा में कथावाचक के साथ मारपीट की घटना पर पाठक ने सपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सपा हमेशा कानून-व्यवस्था को चुनौती देती रही है, लेकिन योगी सरकार प्रदेश में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। जनता सपा के कृत्यों को अच्छी तरह जानती है और भाजपा सरकार कानून का राज कायम रखेगी।
उन्होंने महाकुंभ की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रयागराज में एक उच्चस्तरीय अस्पताल खोलने का फैसला लिया गया है। यह अस्पताल पीजीआई स्तर की सुविधाएं प्रदान करेगा। इसके लिए नगर निगम को नोडल एजेंसी बनाया गया है और जल्द ही प्रस्ताव भेजा जाएगा।
साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पाठक ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार जनहित में निरंतर काम कर रही है। पीएम मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों ने जनता का दिल जीता है। पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता थी, लेकिन अब कानून-व्यवस्था और इन्फ्रास्ट्रक्चर में उत्तर प्रदेश देश में अव्वल है। प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है और 'एक जिला, एक उत्पाद' योजना के जरिए राज्य के उत्पाद वैश्विक स्तर पर पहुंच रहे हैं।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि योगी सरकार राज्य को विकास के मामले में देश का नंबर वन बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना भाजपा की जिम्मेदारी है और पीएम मोदी के नेतृत्व में यह लक्ष्य हासिल किया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Jun 2025 11:44 PM IST