राष्ट्रीय: आपातकाल देश के लिए काला दिन था नायब सिंह सैनी

गुरुग्राम, 29 जून (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को गुरुग्राम में आयोजित महिला मॉक संसद में भाग लिया। इस कार्यक्रम का आयोजन आपातकाल के 50 साल पूरे होने के अवसर पर किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपातकाल देश के लिए "काला दिन" था।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि आपातकाल के दौरान महिलाओं ने लोकतंत्र प्रहरी की भूमिका निभाई और अत्याचारों का डटकर सामना किया। महिलाओं ने राष्ट्रहित में जो योगदान दिया वह कभी भुलाया नहीं जा सकता।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि महिलाओं ने अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया और लोकतंत्र की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि हरियाणा भी विकसित भारत के सपने को साकार करने में अपना अतुलनीय योगदान निभा रहा है।
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा, "आपातकाल का दौर हमारे इतिहास का एक काला अध्याय है। भीमराव अंबेडकर और संविधान समिति की ओर से देश को संविधान दिया गया। आजादी के बाद से देश संविधान के अनुरूप चल रहा था। 25 जून 1975 के दिन देश में भूचाल नहीं आया था और युद्ध जैसी कोई स्थिति भी नहीं थी, लेकिन अपनी राजनीतिक इच्छा पूरी करने और सत्ता की लालच में संविधान को तार-तार कर दिया गया।"
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने कभी भी माननीय न्यायालय के फैसलों का सम्मान नहीं किया। कांग्रेस ने कभी भी माननीय राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति जैसे हमारे संवैधानिक पदों का सम्मान नहीं किया और न ही उन्होंने लोकतंत्र का सम्मान किया। कांग्रेस ने कभी भी प्रधानमंत्री के पद का सम्मान नहीं किया, जिसका उद्देश्य 140 करोड़ लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करना है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि जो "युवराज" उस पवित्र संविधान को लेकर जनसभाओं में लोगों के बीच जा रहे थे, उन्हें कम से कम अपने गिरेबां में देखना चाहिए। ये लोग शीशे में अपना चेहरा देखते हैं और शीशे को खराब कहते हैं, शीशा खराब नहीं चेहरा खराब होता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Jun 2025 12:10 AM IST