राजनीति: वक्फ मुद्दे पर जनता में आक्रोश, सरकार इसे ले वापस अखिलेश प्रसाद सिंह
पटना, 29 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने वक्फ कानून को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर देशभर में लोगों में गुस्सा और आक्रोश है। लोग इसे स्वीकार नहीं कर रहे हैं और इसे तत्काल वापस लेना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह कानून अल्पसंख्यक समुदाय के हितों के खिलाफ है और इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि वक्फ संपत्तियों का प्रबंधन और संरक्षण अल्पसंख्यक समुदाय के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। नया कानून वक्फ बोर्ड की स्वायत्तता को कमजोर करेगा और इसका दुरुपयोग हो सकता है। सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करना चाहिए और जबरन कोई कानून थोपने से बचना चाहिए।
इसके साथ ही, अखिलेश प्रसाद सिंह ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की हालिया टिप्पणी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति को संसदीय मर्यादा का पालन करना चाहिए और ऐसी टिप्पणियों से बचना चाहिए, जो विवाद को जन्म दे। उपराष्ट्रपति का पद संवैधानिक है और इसकी गरिमा बनाए रखना उनका दायित्व है। ऐसी टिप्पणियां न केवल संसदीय परंपराओं को कमजोर करती हैं, बल्कि जनता के बीच भी गलत संदेश देती हैं।
दरअसल, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार को भारतीय संविधान की प्रस्तावना को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी संविधान की प्रस्तावना उसकी आत्मा होती है और भारतीय संविधान की प्रस्तावना अद्वितीय है। विश्व में भारत को छोड़कर किसी भी देश की संविधान की प्रस्तावना में बदलाव नहीं हुआ है। समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और अखंडता जैसे शब्दों का जोड़ा जाना संविधान निर्माताओं की भावना के साथ धोखा है। ये शब्द नासूर हैं, जो उथल-पुथल पैदा करेंगे। यह हमारे हजारों वर्षों की सभ्यता की संपदा और ज्ञान का अपमान है। यह सनातन की आत्मा का अपवित्र अनादर है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Jun 2025 11:40 PM IST