राष्ट्रीय: हमारा लक्ष्य जमशेदपुर को स्वच्छता की रैंकिंग में नंबर एक पर लाना है नगर आयुक्त कृष्ण कुमार

जमशेदपुर, 19 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के जमशेदपुर को स्वच्छता सर्वेक्षण सूची में देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। अपर नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। उन्होंने पूरे देश में प्रथम स्थान पर आने की बात दोहराई।
जमशेदपुर को स्वच्छता सर्वेक्षण में तीसरा स्थान प्राप्त होने की खुशी में जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी के सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को अपर नगर आयुक्त कृष्ण कुमार का भव्य स्वागत किया। इस दौरान कर्मचारियों ने आतिशबाजी भी की।
दरअसल, पिछले दिनों दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर जमशेदपुर को सम्मानित किया गया था। सम्मान लेने वालों में प्रधान सचिव नगर सुनील कुमार, निदेशक सूरज कुमार और अपर नगर आयुक्त जेएनएस कृष्ण कुमार मौजूद थे।
वहीं, सम्मान लेकर शहर पहुंचने पर जेएनएस के सभी सफाई कर्मचारियों ने अपर नगर आयुक्त कृष्ण कुमार का भव्य स्वागत किया। उन्होंने स्वागत में ढोल-नगाड़ों के बीच जमकर आतिशबाजी भी की।
इस संदर्भ में मीडिया से बात करते हुए कृष्ण कुमार ने कहा, "अब हमारा लक्ष्य पहला स्थान प्राप्त करना है, जिसकी तैयारी में हम जुट गए हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण में 4,559 शहर शामिल हुए थे, जहां 3 लाख से 10 लाख की आबादी वाले शहर में हमें तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इस पुरस्कार का हकदार जिला प्रशासन, टाटा स्टील एवं शहर के सभी नागरिक हैं। केंद्र सरकार की टीम ने स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान सभी नागरिकों से फीडबैक लिए थे। इसके बाद ही हमें सफलता प्राप्त हुई है।"
गौरतलब है कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2016 में झारखंड की स्थिति संतोषजनक नहीं थी, लेकिन 2017 से लगातार हर वर्ष झारखंड ने सुधार की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि अगले स्वच्छता सर्वेक्षण में और बेहतर प्रदर्शन की दिशा में सभी नगर निकायों को स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 July 2025 10:51 PM IST