राष्ट्रीय: एनडीए नेताओं ने कहा- बिहार में जानकी मंदिर निर्माण से बढ़ेगा पर्यटन, अर्थव्यवस्था होगी मजबूती

सीतामढ़ी, 8 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम में माता जानकी मंदिर का शिलान्यास और भूमि पूजन किया। इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को लेकर एनडीए नेताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। श्रीराम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु माता सीता के दर्शन के लिए भी यहां आएंगे।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत की पहचान सनातन से है। भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के बाद अगर मां सीता का मंदिर नहीं बनता तो काम अधूरा रहता। इस अधूरे काम को पूरा करने का काम मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया है।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा कि आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक महान कार्य पूरा किया गया है, क्योंकि मां सीता के मंदिर के निर्माण के लिए आधारशिला रखी गई है। जब देश-दुनिया के लोग भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या आएंगे तो वे सीतामढ़ी पर मां सीता के दर्शन के लिए जरूर आएंगे। निश्चित रूप से विश्व के मानचित्र में सीतामढ़ी की पर्यटन स्थल के रूप में विशेष पहचान बनेगी और क्षेत्र का विकास होगा। बिहार की अर्थव्यवस्था पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। भगवान राम का भव्य मंदिर बन गया है और अब मां सीता का मंदिर भी बन जाएगा।
मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि आज पूरे बिहार के लिए ऐतिहासिक दिन है। केंद्रीय गृह मंत्री ने मां सीता की जन्मस्थली पर भव्य मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी है। पूरे देश और दुनिया को संदेश देने का काम किया है कि सनातनी जहां भी रहेंगे, उनका सम्मान होगा। जो भी श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या जाते थे, वे पहले माता सीता के दर्शन के लिए यहां आएंगे, क्योंकि पहले 'सीता' और उसके बाद 'राम' कहा जाता है। यह करोड़ों सनातनी लोगों की आस्था का प्रतीक है। इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और सीएम नीतीश कुमार का अभिनंदन करते हैं। यह बड़ा पर्यटन स्थल बनेगा और देश-दुनिया से लोग यहां आएंगे। आज के दिन ऐतिहासिक काम हुआ है।
भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि हम इस पहल के लिए प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। बिहार के इतिहास में पहली बार प्रदेश सरकार द्वारा 882 करोड़ रुपए से मां सीता का भव्य मंदिर इस पुनौरा धाम की पावन भूमि पर बनने जा रहा है। यह एक युग परिवर्तन की घटना है। भगवान राम के मंदिर निर्माण के बाद गृहमंत्री ने वादा किया था कि माता सीता का भव्य मंदिर बनेगा। इस मंदिर निर्माण के साथ ही पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
जेडीयू सांसद लवली आनंद ने कहा कि यह बहुत खुशी का क्षण है। गृहमंत्री अमित शाह ने इसके महत्व को देखते हुए बारिश के मौसम में भी यहां पहुंचे। यह मिथिलावासियों के लिए बहुत ही सुखद क्षण है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Aug 2025 7:29 PM IST