अन्य खेल: भविष्य में 'राष्ट्रीय खेल शासन विधेयक' का लाभ खेल जगत को मिलेगा कल्याण चौबे

भविष्य में राष्ट्रीय खेल शासन विधेयक का लाभ खेल जगत को मिलेगा कल्याण चौबे
राष्ट्रीय खेल शासन विधेयक 2025 लोकसभा के बाद राज्यसभा में भी पारित हो गया, जिससे ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष कल्याण चौबे खुश हैं। उनका मानना है कि भविष्य में इसका लाभ भारतीय खेल जगत को मिलेगा।

नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय खेल शासन विधेयक 2025 लोकसभा के बाद राज्यसभा में भी पारित हो गया, जिससे ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष कल्याण चौबे खुश हैं। उनका मानना है कि भविष्य में इसका लाभ भारतीय खेल जगत को मिलेगा।

कल्याण चौबे ने आईएएनएस से कहा, "स्पोर्ट्स गर्वनेंस एक्ट भारतीय खेल जगत के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हमारे देश में हर स्पोर्ट्स ऑर्गेनाइजेशन में सैंकडों केस लगे हुए हैं। मुकदमेबाजी में करोड़ों रुपये लगते हैं। मुझे लगता है कि इससे वह पैसा बचेगा, जिसे खेल में लगाया जा सकता है।"

ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष ने कहा, "पीएम मोदी हमेशा महिलाओं की समान भागीदारी की बात कहते हैं। कमेटी में चार महिलाओं का आना निश्चित है, जिसमें दो स्पोर्ट्स पर्सनल ऑफ स्पेशल मेरिट होंगे। दो एथलीट कमीशन से आएंगे। मुझे लगता है कि यह महिला खिलाड़ियों के लिए बहुत अच्छा मौका है। वह प्रशासन के साथ जुड़ सकती हैं।"

कल्याण चौबे ने बताया, "यह विधेयक पास होने से पहले सभी फेडरेशन के साथ खेल मंत्री मनसुख मांडविया की मीटिंग हुई। कई विषयों पर चर्चा हुई। हमने अपने सुझाव उनके समक्ष रखे। करीब 700 से ज्यादा लोगों ने इस पर अपनी राय रखी थी। यह बिल सामूहिक प्रयास के साथ तैयार हआ है। मुझे लगता है कि भविष्य में इसका लाभ भारतीय खेल जगत को मिलेगा।"

राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक का मकसद भारत में विभिन्न खेल प्रशासकों को विनियमित करना है। नेशनल स्पोर्ट्स बोर्ड (एनएसबी) सभी खेल महासंघों की निगरानी करेगा, जिसके दायरे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) भी होगा।

कल्याण चौबे ने कहा, "ओलंपिक और एशियन गेम्स में भी क्रिकेट को जोड़ा गया है। दुनियाभर में क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ रही है। भारत विश्व में इस खेल का नेतृत्व कर रहा है। मुझे लगता है कि इसमें बीसीसीआई का भी शामिल होना खेल और क्रिकेट के लिए अच्छी बात है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 Aug 2025 8:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story