राष्ट्रीय: पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान स्वतंत्रता दिवस के लिए तैयार, नीतीश कुमार फहराएंगे तिरंगा

पटना, 14 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना आजादी का जश्न मनाने को तैयार है। राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य कार्यक्रम होगा, जहां शुक्रवार की सुबह नौ बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे।
इसके लिए गांधी मैदान सजधज कर तैयार है। इस बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राज्यवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्रभक्तों के साहस, त्याग एवं बलिदान के फलस्वरूप ही 15 अगस्त 1947 को हमारा देश आजाद हुआ। हम उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति दी। उनके उच्च आदर्श आज भी हम सबों के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने राज्य एवं देशवासियों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारा, मेल-जोल, सद्भाव और सहिष्णुता का वातावरण बनाये रखें। देश की आजादी को अक्षुण्ण रखने के लिए आज के दिन हम सब यह संकल्प लें कि हम अपनी एकता और अखंडता को बनाए रखेंगे और देश को प्रगति, समृद्धि एवं विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाएंगे। देश का नाम दुनिया में रोशन करते रहेंगे। स्वतंत्रता दिवस पर गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बिहार पुलिस के अलावा, एसटीएफ, होमगार्ड, एनसीसी और बीएसएपी समेत 20 टुकड़ियां मार्च पास्ट करेंगी।
जिला प्रशासन ने समारोह के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इसके अलावा बारिश को देखते हुए दर्शक दीर्घा के लिए भी वाटर प्रूफ पंडाल बनाए गए हैं। गांधी मैदान के आसपास सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। वहीं पटना की यातायात व्यवस्था में भी परिवर्तन किया गया है। गुरुवार को पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एस एम ने स्वतंत्रता दिवस समारोह कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। गांधी मैदान और इसके आसपास के क्षेत्रों में वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में हजारों जवानों को प्रतिनियुक्त किया गया है।
बताया गया कि विधि व्यवस्था के दृष्टिकोण से गांधी मैदान को चार सेक्टर एवं सब सेक्टर में विभाजित कर अपर जिला दंडाधिकारी एवं डीएसपी वरिष्ठ प्रभार में रखे गए हैं। गांधी मैदान से लेकर कारगिल चौक तक 60 अलग-अलग स्थानों पर 103 दंडाधिकारी एवं इतने ही पुलिस अधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। जिला नियंत्रण कक्ष में तीन पालियों में 21 मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी सुरक्षित रखे गए हैं। 128 कैमरों से पूरे मैदान की निगरानी की जाएगी। इसमें गांधी मैदान के चारों तरफ 49 तथा गांधी मैदान के अंदर 79 कैमरे क्रियाशील हैं। पुलिस कार्यालय परिसर स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। गांधी मैदान में अस्थायी थाना एवं अस्थायी नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। 18 वॉच टावरों से भी नजर रखी जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Aug 2025 10:17 PM IST