राजनीति: झारखंड अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भाजपा नेताओं ने किया नमन, योगदान को सराहा

रांची, 16 अगस्त (आईएएनएस)। भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर झारखंड विधानसभा परिषद स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने झारखंड के लिए वाजपेयी के योगदान की सराहाना की।
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रवींद्र कुमार राय, भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और नेता रहे। सभी ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "अटल बिहारी वाजपेयी देश के नेता थे। उन्होंने देश में जीवनभर प्रजातंत्र की सेवा की। झारखंड के लिए तो वह पिता ही थे, या यूं कहें कि निर्माता थे। आज अगर हम झारखंड राज्य को देख रहे हैं और हम अपने आपको झारखंड राज्य के वासी कहते हैं, तो उसमें अगर किसी एक व्यक्ति का योगदान रहा है तो वह अटल बिहारी वाजपेयी का रहा है।"
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय ने कहा, "भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि में हम उन्हें याद कर रहे हैं। मैं यह कह सकता हूं कि जो अटल जी को समझ जाएगा, वह देश को समझ जाएगा। झारखंड उनका विशेष ऋणी है, जिसे उन्होंने विशेष स्वरूप, नाम और पहचान दी। झारखंड की धरती पर हम उनके जीवन मूल्यों की रक्षा कर सकें, इसका प्रण लेते हैं।"
भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा, "अटल जी देश में एक लोकप्रिय नेता के रूप में स्थापित थे। चाहे पक्ष हो या विपक्ष हो, वो सभी में लोकप्रिय थे। वे मृदुभाषी और अपनी संस्कृति को पहचानने वाले नेता थे। उनकी पुण्यतिथि पर आज हम सभी अपनी श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं। उनके जीवन से हमें बहुत कुछ सीखने का अवसर मिलता है। इतने बड़े पद पर रहने के बावजूद उनकी सादगी सभी को आकर्षित करती थी। झारखंड को अलग राज्य के रूप में स्थापित करने में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Aug 2025 12:04 PM IST