राजनीति: बिहार में 'वोटर अधिकार यात्रा' जारी, नेताओं ने कहा- 'यह परिवर्तन की पुकार'

बिहार में वोटर अधिकार यात्रा जारी, नेताओं ने कहा- यह परिवर्तन की पुकार
बिहार में 'वोटर अधिकार यात्रा' ने जनता के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा किया है। इस यात्रा के जरिए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव मतदाताओं के अधिकारों के साथ 'वोट चोरी' जैसे गंभीर मुद्दों को उठा रहे हैं। इस यात्रा को लेकर भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि जनता से मिल रही प्रतिक्रिया हमारी उम्मीदों से परे है। बिहार की जनता अब विकल्प चाहती है।

अररिया, 24 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार में 'वोटर अधिकार यात्रा' ने जनता के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा किया है। इस यात्रा के जरिए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव मतदाताओं के अधिकारों के साथ 'वोट चोरी' जैसे गंभीर मुद्दों को उठा रहे हैं। इस यात्रा को लेकर भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि जनता से मिल रही प्रतिक्रिया हमारी उम्मीदों से परे है। बिहार की जनता अब विकल्प चाहती है।

उन्होंने मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, "20 साल से सत्ता पर काबिज सरकार से जनता का भरोसा खत्म हो चुका है। ऐसा लगता है कि बिहार में कोई सरकार ही नहीं है। सरकार की अक्षमता और विश्वासघात ने जनता को गुस्से से भर दिया है। यह यात्रा जनता की नाराजगी को एकजुट करने का मंच बन रही है। महागठबंधन बिहार में एक विकल्प के तौर पर उभर रहा है।

कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने इस अभियान को आजादी की लड़ाई से जोड़ते हुए कहा, "बिहार की जनता मतदाताओं के अधिकारों के लिए सड़कों पर उतर आई है। जैसे हमारे पूर्वजों ने आजादी की लड़ाई लड़ी थी, वैसे ही यह संघर्ष जनता के हक के लिए है। हम इस लड़ाई में जीत के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह यात्रा बिहार में बदलाव की शुरुआत है।"

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा, "यह जनसैलाब बिहार की जागरूकता का प्रतीक है। राहुल गांधी लगातार जनता से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने मखाना किसानों सहित समाज के हर वर्ग से मुलाकात की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस और मीडिया के माध्यम से राहुल गांधी खुलकर जनता के सवालों का जवाब दे रहे हैं।"

उन्होंने वोटों की चोरी को बिहार का सबसे बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा, "जनता अब जाग चुकी है और बिहार से भाजपा का सफाया तय है।"

वहीं विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, "हम जनता के अधिकारों और वोटों की चोरी जैसे गंभीर मुद्दों के लिए लड़ रहे हैं। देश और राज्य में वोटों की चोरी से सरकारें बन रही हैं, जिसके खिलाफ हम जनता के साथ खड़े हैं।"

मुकेश सहनी ने आगे कहा कि अगले महीने आदर्श आचार संहिता लागू होने की उम्मीद है, जिसके साथ ही चुनावी माहौल और गर्माएगा। 'वोटर अधिकार यात्रा' बिहार में एक बड़े जनांदोलन का रूप ले रही है। यह यात्रा न केवल मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही है, बल्कि सत्तारूढ़ सरकार के खिलाफ जनता के असंतोष को भी उजागर कर रही है। आने वाले समय में यह अभियान बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव का कारण बन सकता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 Aug 2025 8:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story