घर के आसपास आधार सेंटर का पता लगाने भटकने की जरूरत नहीं,: गूगल मैप से मिलेगी अधिकृत आधार केंद्रों की जानकारी, गूगल देगा सटीक इन्फर्मेशन

New Delhi News. आम लोगों को आधार कार्ड बनवाने या अपडेट करने के लिए नजदीकी अधिकृत आधार केंद्रों की जानकारी के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। गूगल मैप के जरिए अधिकृत आधार केंद्रों का पता चल जाएगा। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने गूगल मैप्स पर अधिकृत आधार केंद्रों को प्रदर्शित करने के लिए गूगल के साथ साझेदारी की है। इस पहल से देश भर के निवासियों के लिए अधिकृत आधार केंद्रों तक पहुंच में आसानी होगी और सुविधा में बढ़ोतरी होगी। साथ ही वयस्क नामांकन, बाल नामांकन या केवल पता और मोबाइल नंबर अपडेट जैसी सेवाओं से संबंधित केंद्रों की सटीक जानकारी उपलब्धन होगी। यह सुविधा आने वाले महीनों में उपलब्ध होने की उम्मीद है।
यूआईडीएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश कुमार ने कहा कि यूआईडीएआई का उद्देश्य हमेशा आधार नंबर धारकों के जीवन में सुगमता लाने पर केंद्रित रहा है। जब उपयोगकर्ता गूगल मैप्स पर खोज करेंगे, तो उन्हें सत्यापित आधार केंद्रों की जानकारी मिल जाएगी। नागरिकों को देशभर में अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्रों (एएसके) सहित 60,000 से अधिक आधार केंद्रों तक निर्बाध पहुंच प्राप्त होगी। गूगल इंडिया की रणनीतिक साझेदारी की कंट्री हेड रोली अग्रवाल ने कहा कि यूआईडीएआई के साथ मिलकर सत्यापित आधार केंद्रों को एकीकृत करने से, हम लाखों निवासियों के लिए भरोसेमंद सेवाओं को विश्वास के साथ ढूंढना आसान बना रहे हैं।
Created On :   26 Feb 2026 8:16 PM IST












